बहुत से लोग हैं जो आजकल सिटिंग जॉब का ही काम करते हैं, जिसमें वे 8 से 9 घंटे एक ही जगह बैठे रहते हैं। आईटी सेक्टर, कॉल सेंटर, बैंकिंग जैसे कई अन्य प्रोफेशन में ऐसा देखा गया है। सारा दिन बैठे रहने से उनका शारीरिक गतिविधियों से संपर्क कम हो जाता है।
वहीं लगातार कई घंटों तक बैठे रहना मोटापे की परेशानी के साथ पीठ दर्द, डायबिटीज, हृदय रोग और कई अन्य बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में बहुत जरूरी है कि आप एक्सरसाइज जरूर करें। तो ऐसे में हम आपको बताएंगे कि कितनी देर एक्सरसाइज करना ठीक है।
एक्सपर्ट्स का कहना
ब्रिटिश जर्नल ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन में प्रकाशित एक रिसर्च के नतीजों का कहना है कि जिस तरह शारीरिक गतिविधि की कमी समय के साथ आपको बीमारियों से घेर सकती हैं, उसी तरह नियमित एक्सरसाइज से खुद को फिट भी रखा जा सकता है। ऐसे में एक शोध में पाया गया कि वैज्ञानिकों ने चार देशों के 40,000 प्रतिभागियों के फिटनेस ट्रैकर डेटा को देखा।
उन्होंने पाया कि रोजाना सिर्फ 30 से 40 मिनट की थोड़ी गतिविधि करके आप पूरे दिन बैठने से अपने स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को रिवर्स कर सकते हैं। साथ ही अपनी क्षमता के अनुसार, 30 से 40 मिनट केवल हल्की वॉक या हाई इंटेंसिटी इंटरवल ट्रेनिंग भी कर सकते हैं।
दूसरी तरफ जर्नल ऑफ द अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की रिपोर्ट का कहना है कि जो लोग 10 घंटे या उससे ज्यादा बैठे रहते हैं, कम से कम 1 घंटे की फिजिकल एक्टिविटी जरूर करनी चाहिए। ऐसे में वे लोग स्ट्रेचिंग, ब्रिस्क वॉकिंग, स्क्वाट्स, जॉगिंग या रनिंग, साइकलिंग जैसी एक्सरसाइज कर सकते हैं।
काम के बीच ब्रेक
चलो एक्सरसाइज का तो आपको बता दिया, वहीं आप काम के बीच 10 से 15 मिनट का ब्रेक लेकर वॉक कर सकते हैं। हर आधे घंटे में 2-3 मिनट के लिए खड़े होकर बॉडी को स्ट्रेच करें, लिफ्ट से जाते हैं तो सीढ़ियों का उपयोग करें या डेस्क पर बैठे-बैठे गर्दन, कंधे और हाथों की भी हल्की एक्सरसाइज कर सकते हैं। थोड़ी-थोड़ी एक्सरसाइज भी आपके शरीर के लिए फायदेमंद होती है। इसलिए जितना हो सके, अपने शरीर को एक्टिव रखें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
