कई बार रात को 8-10 घंटे सोने के बाद भी अगली सुबह उठने का दिल नहीं करता। सुबह आप फ्रेश महसूस नहीं करते। अगर आपके साथ भी ऐसा हो तो इस लक्षण को नजरअंदाज न करें क्योंकि यह शरीर में किसी विटामिन की कमी का संकेत हो सकता है। शरीर में जब कुछ खास विटामिन्स की कमी हो जाए तो नींद कम या ज्यादा होने लगती है। इसके कारण आपको सारा दिन आलस और थकान भी रहती है। विटामिन और मिनरल के असंतुलन के कारण सारे शरीर पर असर होता है हालांकि ऐसे कई विटामिन होते हैं जिनकी कमी के कारण नींद ज्यादा आती है। तो चलिए आपको बताते हैं कि किस विटामिन की कमी के कारण नींद कम आती है।
विटामिन-डी
विटामिन-डी शरीर में जब कम हो जाए तो इससे नींद की समस्या होने लगती है। इसकी कमी के कारण सारा दिन, थकान, कमजोरी और ज्यादा नींद आ सकती है। इसकी कमी होने पर शरीर में कैल्शियम, फॉस्फोरस की कमी भी बढ़ सकती है इससे आपको हड्डियों में दर्द होता है। इम्यूनिटी भी कमजोर हो सकती है और सारा दिन आलस महसूस होता है। हर समय आपको नींद आने लगती है इसलिए शरीर में विटामिन-डी की कमी न होने दें।

विटामिन-बी12
इसकी कमी भी ज्यादा नींद आने का एक बड़ा कारण होगा। इसकी कमी होने पर व्यक्ति को बहुत नींद आने लगती है। विटामिन-बी12 कम होने के कारण न्यूरोलॉजिकल और मानसिक समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है। शोध में भी यह पाया गया है कि शरीर में विटामिन-बी12 की कमी से आप आलसी महसूस करेंगे। यदि आपको सारा दिन नींद आती है तो विटामिन-बी12 से भरपूर आहार खाएं। खासतौर पर जो लोग शाकाहारी होते हैं उनके शरीर में विटामिन-बी12 की कमी होती है। उम्र बढ़ने के साथ-साथ विटामिन-बी12 की कमी बढ़ सकती है।
ये कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदार
सिर्फ विटामिन-डी और विटामिन-बी 12 ही नहीं बल्कि कई और पोषक तत्वों की कमी से भी नींद पर असर होता है। इसके अलावा मैग्नीशियम, पौटेशियम और आयरन जैसे मिनरल्स के कारण भी शरीर में आलस, थकान और कमजोरी हो सकती है। ऐसे में यदि आपको भी लंबे समय तक नींद आने के बाद भी थकान और कमजोरी रहे तो एक बार डॉक्टर की सलाह जरुर लें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
