पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल डिटॉक्स शब्द खासतौर पर मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चर्चाओं में प्रमुख रूप से उभरकर आया है। स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के कारण युवाओं में मानसिक तनाव, चिंता, नींद की समस्या और डिप्रेशन जैसी परेशानियां बढ़ रही हैं। इन समस्याओं से बचने और मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए डिजिटल डिटॉक्स एक प्रभावी उपाय हो सकता है। डिजिटल डिटॉक्स वह प्रक्रिया है, जिसमें हम अपने इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स—जैसे स्मार्टफोन, लैपटॉप और सोशल मीडिया से कुछ समय के लिए दूरी बनाते हैं। यह कदम हमारे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर बढ़ते नकारात्मक प्रभावों से बचाव करने में मदद करता है।
डिजिटल डिटॉक्स क्यों है जरूरी?
आजकल अधिकतर लोग स्मार्टफोन और डिजिटल उपकरणों पर अत्यधिक समय बिता रहे हैं, जिसके कारण मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर हो रहा है। मनोचिकित्सक अंकिता प्रियदर्शिनी के अनुसार, यह डिप्रेशन, नींद की समस्याएं, और आलस जैसी स्थितियों को जन्म देता है। डिजिटल डिटॉक्स से मानसिक शांति, बेहतर नींद और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है, जो हमारे लिए जरूरी हैं।
नींद पर डिजिटल उपकरणों का असर
डिजिटल उपकरणों, विशेषकर स्मार्टफोन का अत्यधिक उपयोग नींद की गुणवत्ता को प्रभावित करता है। जब हम रात को देर तक स्क्रीन पर समय बिताते हैं, तो नींद में कमी आती है और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर पड़ता है। डिजिटल डिटॉक्स, खासकर सोने से पहले कुछ घंटों के लिए डिवाइस से दूरी बनाने से हमारी नींद बेहतर हो सकती है और इससे मानसिक शांति भी मिलती है।
स्क्रीन से दूरी बनाना जरूरी
अत्यधिक स्क्रीन समय से तनाव और डिप्रेशन बढ़ सकता है। जब हमारा दिमाग लगातार स्मार्टफोन या कंप्यूटर की स्क्रीन को देखता है, तो वह इन विजुअल्स को स्टोर करता है और मानसिक प्रतिक्रिया में बदलाव आता है। इससे मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। डिजिटल डिटॉक्स से तनाव और स्ट्रेस को कम किया जा सकता है, जिससे मानसिक शांति प्राप्त होती है।
डिजिटल डिटॉक्स के लिए कुछ टिप्स
डिवाइस का उपयोग समय सीमा तक करें
स्मार्टफोन और लैपटॉप पर बिताए जाने वाले समय की एक सीमा निर्धारित करें।
सोने से पहले डिजिटल उपकरणों से दूरी
रात को सोने से कम से कम 2 घंटे पहले फोन और अन्य डिवाइस का उपयोग बंद करें।
सोशल मीडिया पर समय सीमित करें
सोशल मीडिया के उपयोग को सीमित करें और किताबें, अखबार या मैगजीन पढ़ने की आदत डालें।
सक्रिय रहें
आउटडोर एक्टिविटीज, योग या ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति पाएं।
