बाल किसी की भी खूबसूरती को दुगना कर देते हैं। बाल छोटे हो या लम्बे, लेकिन बहुत जरूरी है कि आप अपने बालों की देखभाल अच्छे तरीके से करें। वैसे आजकल की खराब लाइफस्टाइल हमारे शरीर के साथ-साथ बालों पर भी दिखनी शुरू हो गई है। इसी वजह से ही लोग बालों के झड़ने, बालों के पतले होने या बीच से टूटने की समस्या से परेशान रहते हैं। अगर आप भी ऐसी समस्या से परेशान रहते हैं तो इसके लिए बाबा रामदेव के सहयोगी और आयुर्वेद केन्द्र पतंजलि योगपीठ के अध्यक्ष आचार्य बालकृष्ण ने एक खास नुस्खा शेयर किया है।
जानें ये खास नुस्खा
आचार्य बालकृष्ण ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि बालों से जुड़ी कई समस्याओं से निजात पाने, जैसे कि हेयर फॉल या बालों को भी बढ़ाना चाहते हैं तो दूधी घास (Asthma-plant) का इस्तेमाल बेहद फायदेमंद हो सकता है। लोग दूधी घास को बेकार समझते हैं, लेकिन आचार्य बालकृष्ण के मुताबिक ये दूधी घास दुर्लभ औषधीय गुणों से भरपूर है। इसके इस्तेमाल से बालों को पोषण और उन्हें झड़ने से रुकने में मदद मिलेगी।
कैसे करें इसका इस्तेमाल?
जो लोग बालों के झड़ने की समस्या से परेशान हैं वे दूधी के पत्तों का रस निकालकर बालों की जड़ों में सीधा लगाएं। अगर ज्यादा अच्छा रिजल्ट चाहते हैं तो इसे कनेर के पत्तों के रस के साथ मिल कर लगाएं। इससे बालों का झड़ना बंद हो सकता है। लेकिन सबसे पहले कनेर के रस का इस्तेमाल सिर के किसी छोटे हिस्से पर करके देंखें। अगर इसे लगाने के बाद आपके सिर की त्वचा में जलन या खुजली हो रही हो तो कनेर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
सिर की त्वचा में दिकक्त हो रही हो तो दूधी घास के रस को सीधे बालों पर ही लगाएं। कनेर के पत्तों का यूज न करें। अब उसे लगाने के बाद थोड़ी देर तक मसाज करें और फिर साफ पानी से धो लें। आचार्य का कहना है कि इस नुस्खे को अपनाने से कुछ ही समय में आपको कमाल के नतीजे देखने को मिल सकते हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
