नवरात्रि 9 दिनों का पर्व है जिसमें लोग मां दूर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना पूरे दिल से करते हैं। इसके अलावा मां के भक्त 9 दिनों का उपवास भी करते हैं। सभी लोगों के व्रत रखने का तरीका अलग-अलग होता है। कई लोग सिर्फ पहले और आखिरी दिन उपवास रखते हैं जबकि कुछ लोग नवरात्रि के नौ दिनों तक व्रत करते हैं। इन नौ दिनों का उपवास किसी भी व्यक्ति के लिए काफी मुश्किल हो सकता है लेकिन व्रत वाले नमक का सेवन आपके उपवास को थोड़ा आसान बना देता है हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो नवरात्रि के नौ दिनों तक किसी भी तरह के नमक का सेवन नहीं करते हैं।
ऐसे में आज आपको इस आर्टिकल के जरिए बताते हैं कि नवरात्रि के नौ दिनों तक नमक न खाने से हमारे शरीर पर क्या असर पड़ता है।
नमक न खाने फायदे
ब्लड प्रेशर होगा कम
नवरात्रि के नौ दिन बिना नमक के व्रत रखना हाई ब्लड प्रेशर वाले व्यक्तियों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। नमक का सेवन कम करने से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद मिलती है।

वॉटर रिटेंशन में होगी कमी
ज्यादा नमक के कारण आपके शरीर में पानी जमा हो सकता है। ऐसे में नवरात्रि के नौ दिनों के उपवास के दौरान नमक खाने से परहेज करें। इससे आपके शरीर में वॉटर रिटेंशन कम हो सकता है, जिससे इंफ्लेमेशन भी कम होगा।
डिटॉक्सिफिकेशन प्रभाव
नमक न खाने से आपका शरीर डिटॉक्सफाई होगा क्योंकि कम नमक का सेवन आपको प्रोसेस्ड फूड्स खाने से रोकेगा। साथ ही फलों और सब्जियों के सेवन को बढ़ावा मिलेगा जिससे आपका शरीर अंदर से साफ होगा।
नमक न खाने के नुकसान
इलेक्ट्रोलाइट होंगे असंतुलित
सोडियम एक जरूरी इलेक्ट्रोलाइट है, ऐसे में नौ दिनों तक नमक का सेवन न करना आपके शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन का कारण भी बन सकता है, जिसके कारण आपको चक्कर आना, सिरदर्द होना या मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या हो सकती है।

ब्लड प्रेशर होगा कम
नॉर्मल ब्लड प्रेशर या लो ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए नमक का सेवन कुछ दिन न करने से ब्लड प्रेशर कम हो सकता है जिसके कारण उन्हें बेहोशी, मतली और कमजोरी की समस्या हो सकती है।
डिहाइड्रेशन
नमक शरीर को जरूरी तरल पदार्थ बनाए रखने में मदद करता है। पर्याप्त सोडियम के बिना आपका शरीर बहुत ज्यादा पानी खो सकता है जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है, खासकर यदि आप व्रत के दौरान बहुत ज्यादा पानी पी रहे हैं।
कम ऊर्जा और थकान
सोडियम नसों को बेहतर तरीके से काम करने और मांसपेशियों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। पर्याप्त नमक के बिना आप थका हुआ, कमजोर या चक्कर जैसा महसूस कर सकते हैं।

इस बात का भी रखें ध्यान
नवरात्रि का व्रत बिना नमक खाएं रखना आपके लिए थोड़ा मुश्किल हो सकता है लेकिन यदि आप चक्कर आने, बेहोशी या डिहाइड्रेशन की समस्या से परेशान रहते हैं तो अपनी डाइट में सेंधा नमक शामिल करें नियमित नमक खाएं बिना आपके शरीर में कुछ मात्रा में इलेक्ट्रोलाइट जुड़ सकते हैं जिससे आप स्वस्थ रह सकते हैं।
