आपने अक्सर कैफे या रेस्टोरेंट में देखा होगा कि उनके मेन्यू में ABC Juice जरूर होता है। इस जूस का टेस्ट कमाल का होने के साथ-साथ स्किन और वेट लॉस के लिए भी फायदेमंद है तो ऐसे में लोगों के मन में ये भी सवाल आता है कि आखिर इस जूस को बनाने में किन-किन चीजों का इस्तेमाल किया जाता है, साथ ही इसे ABC क्यों कहते हैं। चलिए जानते हैं इस आर्टिकल की मदद से।
ABC Juice
ABC जूस, सेब (Apple), चुकंदर (Beetroot) और गाजर (Carrot) के संयोजन से तैयार होता है, इसी वजह से इसे ABC कहते हैं। इस जूस में विटामिन ए, विटामिन बी6, विटामिन सी, विटामिन के, पोटैशियम, आयरन, मैग्नीशियम, जिंक और एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। जिस वजह से स्किन और वेट लॉस के साथ-साथ शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होती है और बाल स्वस्थ रहते हैं।
स्किन के लिए फायदेमंद
ABC जूस में विटामिन ए, सी और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं और ये तमाम गुण त्वचा को प्राकृतिक रूप से चमकदार बनाते हैं और बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करते हैं।
खासकर जो विटामिन ए हैं, वो सेल प्रोडक्शन और ग्रोथ में मदद कर स्किन टिशू को बनाने और रिपेयर करने में लाभकारी है। साथ ही कोलेजन उत्पादन को भी बढ़ावा मिलता है, जिससे स्किन पर उम्र बढ़ने के लक्षण कम नजर आते हैं। और वहीं विटामिन सी की बात करें तो इससे स्किन ब्राइट होती है और साथ ही दाग-धब्बे और स्किन पिगमेंटेशन भी कम होते हैं।
वेट लॉस में मददगार
ABC जूस में कैलोरी की मात्रा कम होती है और फाइबर अच्छी मात्रा में। फाइबर के सेवन से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहता है और ओवरईटिंग नहीं होती, जिससे वजन संतुलित रहता है। सबसे बढ़िया बता ये है कि रेस्टोरेंट्स में इस जूस के लिए पैसे खर्चने की बजाय इसे घर पर ही बना सकते हैं और वो भी आसानी से।
ABC जूस बनाने का तरीका
इसे बनाने के लिए सबसे पहले आपको चाहिए एक सेब, एक बड़ी गाजर, आधे आकार का चुकंदर और
चुटकी भर काला नमक। इसके बाद सेब, गाजर, और चुकंदर को अच्छी तरह धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें और मिक्सर में इन टुकड़ों को डाल दें और कुछ ¾ कप पानी मिलाएं। सभी सामग्री को ब्लेंड कर लें। ब्लेंड करने के बाद जूस को गिलास में छानकर निकाल लें और काला नमक छिकड़ लें। लीजिए ABC जूस तैयार है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
