पाकिस्तान की पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हाल ही में अपने आप से जुड़ा एक जरुरी खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह पैराथॉयराइड नाम की दुर्लभ बीमारी का शिकार हैं। उन्होंने दावा किया है कि इस बीमारी का पूर्ण इलाज केवल दुनिया के दो देशों- अमेरिका और स्विट्जरलैंड में ही संभव है। उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है। लोग यह जानने को उत्सुक हो गए हैं कि पैराथॉयराइड क्या है और इसका इलाज इतना कठिन आखिर क्यों है?
क्या होता है पैराथॉयराइड?
यह एक मटर के आकार की चार छोटी ग्रंथियां होती हैं, जो गर्दन में थायरॉइड के पीछे स्थित होती हैं। ये ग्रंथियां पैराथॉयराइड हार्मोन (पीटीएच) का डिस्चार्ज करती हैं, जो शरीर में कैल्शियम के लेवल को कंट्रोल करती हैं जब इन ग्रंथियों में से कोई एक असंतुलित हो जाती है, तो यह हड्डियों से कैल्शियम खींचकर खून में इसकी मात्रा को बढ़ा देती हैं।

लक्षण
डॉक्टरों के अनुसार, इस समस्या से ग्रसित लोगों को अक्सर हड्डियों में कमजोरी, किडनी में पथरी, पेट दर्द, कब्ज और मानसिक थकावट जैसे लक्षण दिखते हैं। यदि इसका समय रहते इलाज न करवाया जाए, तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती हैं।
इलाज
इसका मुख्य इलाज सर्जरी है। सर्जरी के जरिए असामान्य ग्रंथि को हटाया जाता है। दुनिया के कई बड़े देशों में मिनिमली इनवेसिव सर्जरी (MIS) उपलब्ध है, जिसमें दर्द कम होता है और मरीज जल्द ही ठीक हो जाता है, लेकिन पाकिस्तान में अभी केवल पारंपरिक ओपन सर्जरी ही संभव है।
सिर्फ दो देशों में ही संभव है इलाज
मरियम नवाज का दावा है कि इस बीमारी का एडवांस इलाज सिर्फ अमेरिका और स्विट्जरलैंड में ही होता है। एक्सपर्ट मानते हैं कि पाकिस्तान में इसकी बुनियादी सर्जरी संभव है, लेकिन मॉर्डन मिनिमली इनवेसिव सर्जरी जैसी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके चलते मरीजों को बेहतर इलाज के लिए विदेश जाना पड़ता है।
मरियम नवाज का बयान
आपको बता दें कि मरियम नवाज ने कहा था कि पिछले साल उन्होंने स्विट्जरलैंड में सर्जरी करवाई थी और अब वह पूरी तरह ठीक हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें कैंसर नहीं है और वह लोगों से कोई भी सहानुभूति नहीं चाहती।

