सारा दिन की भागदौड़, काम का प्रेशर और खराब खान-पान के कारण दिल पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है। इस वजह से हार्ट अटैक के मामले ज्यादा बढ़ रहे हैं। कम उम्र के युवा भी दिल संंबंधी बीमारियों और हार्ट अटैक का शिकार हो रहे हैं। ऐसे में यदि आप खुद को हार्ट अटैक से बचाना चाहते हैं तो अपने दिल के संकेतों को जरुर सुनें। शरीर में अगर कोई भी लक्षण दिखे तो उसे नजरअंदाज न करें। हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो हार्ट अटैक कभी भी एकदम नहीं आता। इसके आने से करीबन एक महीने पहले शरीर संकेत देने लगता है। ऐसे में यदि आप इसको समझें तो खतरनाक बीमारी से खुद को बचा सकते हैं। शरीर में दिखने वाले 7 लक्षणों पर गौर करके आप हार्ट अटैक से बच सकते हैं।
थकान-कमजोरी
अगर आप बिना कोई काम किए थक रहे हैं तो अलर्ट हो जाएं। यह लक्षण आपके दिल की कमजोरी का हो सकता है। जब दिल को पूरी मात्रा में ऑक्सीजन नहीं मिलता और खून शरीर के बाकी अंगों तक नहीं पहुंचता। इसके कारण शरीर बहुत जल्दी थक जाता है। खासतौर पर महिलाओं में यह लक्षण ज्यादा देखने को मिलते हैं।

नींद या बैचेनी
यदि आपकी रात में बार-बार नींद टूटती है या बिना किसी कारण बैचेनी होती है तो सावधान हो जाएं। यह भी दिल संबंधी समस्याओं का संकेत हो सकता है। कुछ लोग तनाव समझकर इसे नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो धमनियां सिकुड़ने के कारण यह दिक्कत हो सकती है।
चक्कर आना
यदि आपको बिना किसी कारण चक्कर आते हैं या फिर सिर घूम रहा है तो यह भी दिल के कमजोर होने का संकेत हो सकता है। जब दिल और शरीर के बाकी हिस्सों में खून अच्छे से नहीं पहुंचता तो दिमाग में भी ऑक्सीजन की कमी हो सकती है। इसके कारण भी दिल संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
सीने में हल्का दर्द
अगर आपको सीने में बार-बार हल्का दर्द या फिर भारीपन महसूस हो तो इसको नजरअंदाज न करें। दिल का दौरा पड़ने से पहले धीरे-धीरे धमनियां ब्लॉक होने लगती हैं जिसके कारण सीने में समस्या हो सकती है। यह दर्द कई बार कंधों, जबड़े, गले और पीठ तक भी बढ़ सकती है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चेकअप जरुर करवाएं।
पेट दर्द
हार्ट अटैक आने से पहले कुछ लोगों को गैस, अपच, उल्टी या फिर पेट दर्द जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। खासतौर पर महिलाएं को यह समस्याएं ज्यादा होती हैं। ऐसे में यदि आपको पेट संबंधी परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।

सांस लेने में दिक्कत
यदि हल्का सा चलने, सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा बहुत काम करने पर सांस फूल जाए तो यह भी लक्षण नजरअंदाज न करें। यह समस्या तब होती है जब खून अच्छे से पंप न कर पाए। फेफड़ों में ऑक्सीजन की कमी होने पर यह दिक्कत हो सकती है। ऐसे में इसको नजरअंदाज न करें।
बिना वजह पसीना आना
यदि ठंडे या आम मौसम में भी आपको बहुत पसीना आया तो यह भी हार्ट अटैक का ही संकेत है। जब दिल को खून पंप करने में दिक्कत हो तो उसको ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है तो ज्यादा पसीना निकलता है ऐसे में तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
