प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मोटापे के खिलाफ एक विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य देशवासियों को मोटापे के खतरों और इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना है। इसके तहत प्रधानमंत्री ने 10 प्रमुख हस्तियों को नॉमिनेट किया, जिनमें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा और शूटर मनु भाकर जैसे नाम शामिल हैं।
कैंपेन का उद्देश्य
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, जिसमें सही खानपान, व्यायाम और फिटनेस पर जोर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने इस पहल की घोषणा 23 फरवरी को अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में की थी। प्रधानमंत्री का कहना है कि मोटापा एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है, जिसे संतुलित आहार और नियमित व्यायाम से नियंत्रित किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, जैसा कि मैंने कल ‘मन की बात’ में कहा था, मैं मोटापे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और खाने में खाद्य तेल की खपत को कम करने के लिए जागरूकता फैलाने हेतु कुछ प्रमुख हस्तियों को नॉमिनेट कर रहा हूँ। उन्होंने नॉमिनेट किए गए व्यक्तियों से अपील की कि वे भी 10-10 अन्य लोगों को नॉमिनेट करें ताकि यह अभियान जन आंदोलन में बदल सके।
10 प्रमुख हस्तियां जो नॉमिनेट की गईं
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अभियान के लिए जिन 10 हस्तियों को नॉमिनेट किया, उनमें जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा, भोजपुरी एक्टर दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, ओलंपियन मनु भाकर, वेटलिफ्टर मीराबाई चानू, साउथ सुपरस्टार मोहनलाल, इंफोसिस के को-फाउंडर नंदन नीलेकणि, बॉलीवुड एक्टर आर माधवन, प्रसिद्ध सिंगर श्रेया घोषाल और राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति शामिल हैं।
उमर अब्दुल्ला द्वारा किए गए नॉमिनेशन
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस अभियान को आगे बढ़ाने के लिए 10 अन्य लोगों को नॉमिनेट किया। उन्होंने बायोकॉन की चेयरपर्सन किरण मजूमदार-शॉ, टेनिस स्टार सानिया मिर्जा, क्रिकेटर इरफान पठान, बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, उद्योगपति सज्जन जिंदल, एनसीपी नेता सुप्रिया सुले और अन्य को इस अभियान में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
मोटापे के स्वास्थ्य पर प्रभाव
मोटापा केवल शारीरिक असहजता ही नहीं लाता, बल्कि यह कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को भी जन्म दे सकता है। मोटापे से हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, जोड़ों की समस्याएं और श्वसन संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ सकता है। मोटापा आत्मविश्वास को कम कर सकता है और डिप्रेशन, तनाव जैसी मानसिक समस्याओं को जन्म दे सकता है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय
मोटापे को नियंत्रित करने के लिए संतुलित आहार और नियमित व्यायाम बेहद जरूरी है। दिनभर में ताजे फल, सब्जियां, साबुत अनाज और कम नमक वाला आहार लें। साथ ही अधिक नमक और मीठे खाद्य पदार्थों से बचें। नियमित रूप से व्यायाम और योग करें, इससे शरीर स्वस्थ रहेगा और मोटापा नियंत्रित रहेगा।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
