अक्सर देखा जाता है कि पुरुषों की तरह कई महिलाओं के चेहरे पर भी बाल आ जाते हैं। ये इतने घने और विज़िबल नहीं होते, लेकिन मेकअप करने पर अधिक उभरकर सामने आ जाते हैं और इसी वजह से महिलाएं फैशियल हेयर से छुटकारा पाने के लिए कई तरह के तरीके अपनाती हैं। जैसे कि वैक्सिंग। ये तो आपको मालूम होगा कि शरीर के बाकी हिस्सों पर वैक्स करने से बाल देर से ग्रो करते हैं और कई बार हेयर ग्रोथ भी कम होने लगती है, क्योंकि वैक्स बालों को जड़ से साफ करती है।
इसी वजह से कई महिलाएं फैशियल हेयर का सफाया करने के लिए वैक्सिंग को बेहतर समझती हैं। पर सवाल ये आता है कि क्या वाकई ये करना सही है? चलिए स्किन एक्सपर्ट्स से जानते हैं।
एक्सपर्ट का कहना
डर्मेटोलॉजिस्ट जुश्या भाटिया सरीन ने हाल ही में एक वीडियो शेयर की, जिसमें वे बताती हैं कि चाहे महिला हो या पुरुष किसी के लिए भी फैशियल हेयर को हटाने के लिए वैक्सिंग सही तरीका नहीं है। वैक्सिंग चेहरे के लिए सबसे खराब चीजों में से एक है। डॉ. सरीन का कहना है कि वैक्सिंग करने से चेहरे के बाल तो साफ हो जाते हैं लेकिन फिर आपकी स्किन को एक साथ कई नुकसान झेलने पड़ते हैं।
वैक्सिंग के नुकसान और सही तरीका
वे बताती हैं कि चेहरे पर वैक्स करने से कई मामलों में नॉर्मल स्किन सेल्स भी वैक्स के साथ बाहर आ जाते हैं, जिससे जलन या लालिमा की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसे में जब आप चेहरे पर सैलिसिलिक एसिड या रेटिनॉल का इस्तेमाल करते हैं तो स्किन बर्न हो सकता है। जब चेहरे पर वैक्स करते हैं तो स्किन पर पस वाले दाने बढ़ सकते हैं। वैक्सिंग से चेहरे की नाजुक त्वचा खींचती है और सूजन और एक्ने हो सकते हैं। डॉक्टर बताती हैं कि फैशियल हेयर से छुटकारा पाने के लिए लेजर हेयर रिडक्शन या शैविंग सही रह सकती है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
