खराब डाइट और एक्सरसाइज न करने के कारण कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं जन्म ले रही हैं। गलत-खानपान के चलते सिर्फ मोटापा और डायबिटीज जैसी बीमारियां ही नहीं बढ़ रही बल्कि दिल की समस्याएं, हाई ब्लड प्रेशर बल्कि मानसिक तनाव भी लोगों में काफी हो रहा है। खासकर लोग अपनी डेली रुटीन में व्यस्त होने के कारण अपनी सेहत को ही नजरअंदाज करते जा रहे हैं जिसका असर सिर्फ उनकी शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी हो रहा है। ऐसे में आज आपको कुछ ऐसे हेल्दी फूड्स बताते हैं जो आपकी उम्र भी लंबी करेंगे और आपको हेल्दी भी रखेंगे। आइए जानते हैं इनके बारे में।
आंवला
यह विटामिन-सी का अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसका सेवन करने से आपको कई फायदे होंगे। यह आपकी इम्यूनिटी को बढ़ाएगा, स्किन को हेल्दी रखेगा। इसके अलावा आंवला खाने से हार्ट संबंधी बीमारियों का खतरा भी कम होगा। यह ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने से लेकर शरीर के अंदर की कोशिकाओं को दोबारा से जीवित करने में भी मदद करता है। स्टडी की मानें तो आंवला में एंटीऑक्सीडेंट्स गुण मौजूद होते हैं जो शरीर में उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करेंगे। इसे खाने से आपकी जिंदगी बढ़ेगी। आंवला का ताजा रस, चटनी, सूखा हुआ यदि आप खाएंगे तो आपको कई फायदे होंगे।

हरी पत्तेदार सब्जियां
ताजे फ्रूट्स और पत्तेदार सब्जियां जैसे कि पालक, मेथी, सरसों का साग आपकी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। इससे न सिर्फ शरीर को जरुरी विटामिन, मिनरल्स और फाइबर मिलेगा बल्कि इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स गुण शरीर के अंदर की सूजन और इंफेक्शन भी कम करेंगे। अमेरिकी वैज्ञानिकों ने एक अध्ययन में बताया है कि केल, पालक जैसी हरे रंग की सब्जियों को यदि आप खाएंगे तो आपके डीएनए में बदलाव होगा। इससे बुढ़ापे की प्रक्रिया दो साल तक पीछे हो सकती है।
हल्दी
यह भारतीय रसोई का एक खास हिस्सा मानी जाती है। इससे न सिर्फ आपके खाने का स्वाद बढ़ता है बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी मानी जाती है। इसमें मौजूद करक्यूमिन नाम के पदार्थ में एंटीइंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट्स गुण पाए जाते हैं यह आपके शरीर को अंदर से हेल्दी रखेगी। इसके अलावा यह शरीर की सूजन भी कम करेगी। यह आपकी कोशिकाओं को फिर से जीवित करेगी और कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से भी बचाएगी। स्टडी की मानें तो हल्दी का यदि आप नियमित तौर पर सेवन करते हैं तो इससे आप हेल्दी रहेंगे और आपकी उम्र भी बढ़ेगी।
सूखे मेवे और सीड्स
सूखे मेवे जैसे कि बादाम, काजू, अखरोट और सीड्स जैसे चिया सीड्स, फ्लैक्स सीड्स सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। सूखे मेवे और बीज एंटीऑक्सीडेंट्स, ओमेगा-3 फैटी एसिड्स और प्रोटीन से भरपूर माने जाते हैं। यह आपके शरीर की कोशिकाओं को दोबारा बनाने और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करेंगे। इसके अलावा यह आपको हेल्दी भी रखेंगे और आपकी स्किन को भी ग्लोइंग बनाएंगे।

अनाज
कुछ अनाज जैसे कि ओट्स, गेहूं, बाजरा, ज्वार और ब्राउन राइस हमारी डाइट का खास हिस्सा माने जाते हैं। इनमें भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स होते हैं जो आपके पाचन तंत्र को मजबूत बनाएंगे। हार्वर्ड में की गई रिसर्च की मानें तो इन अनाजों का सेवन यदि आप लंबे समय तक करेंगे तो आप हेल्दी रहेंगे क्योंकि इसमें पाए जाने वाले पोषक तत्व शरीर के अंगों की कार्यप्रणाली को सही रखने में और उम्र बढ़ाने की प्रक्रिया को धीमा करने में मदद करेंगे। इसके अलावा ये अनाज शरीर में कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कंट्रोल में रखेंगे जिससे दिल संबंधी बीमारियों से बचाव होगा और आपकी उम्र भी लंबी होगी।
इस बात का भी रखें ध्यान
इन फूड्स को खाने से न सिर्फ आपकी उम्र लंबी होगी बल्कि आपके एक हेल्दी जीवन भी जी पाएंगे। यह चीजें आपके शरीर को जरुरी पोषण देने में मदद करती हैं और उन्हें मजबूत भी बनाती है। इनका नियमित तौर पर यदि आप सेवन करते हैं तो आप कई बीमारियों से बचेंगे।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
