शरीर को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन-बी12 भी बेहद जरुरी होता है। यह शरीर में रेड ब्लड सेल्स और डीएनए को बनने में मदद करता है। यह नर्व सिस्टम को हेल्दी रखने और दिमाग को बेहतर तरह से काम करने में मुख्य भूमिका निभाता है। यदि शरीर में इस विटामिन की कमी हो जाए तो कई तरह के लक्षण दिखते हैं लेकिन शायद आप यह न जानते हों कि इस विटामिन की कमी के संकेत पैरों में भी दिख सकते हैं। अक्सर हम पैरों में दिखने वाले कुछ लक्षणों को इग्नोर कर देते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं इस आर्टिकल के जरिए कि विटामिन-बी 12 के पैरों में कौन से लक्षण दिखते हैं।
पैरों की स्किन बदल जाना
विटामिन-बी 12 की कमी के कारण रेड ब्लड सेल्स के उत्पादन में कमी होती है जिसके कारण पैरों की स्किन पीली दिखती है। कुछ मामलों में विटामिन-बी12 की कमी के कारण पीलिया हो सकता है। इसके कारण पैरों की स्किन भी पीली दिखती है।

खड़े होने में दिक्कत
इस विटामिन की कमी के कारण नर्व डैमेज हो जाती हैं जिसके चलते संतुलन बनाए रखने में भी समस्या आती है। इसके कारण व्यक्ति के लिए संतुलन बनाए रखना मुश्किल होता है और गिरने का जोखिम बढ़ जाता है। कुछ लोगों को खड़े होने या फिर चलने पर चक्कर भी आने लगते हैं।
पैर सुन्न होना
यह विटामिन शरीर में माइलिन के उत्पादन के लिए जरुरी माना जाता है। माइलिन एक फैटी पदार्थ होता है जो कि नर्व की सुरक्षा करता है ऐसे में इसकी कमी के कारण पैरों में सुन्नपन, झुनझुनी या फिर चुभन भी हो सकती है। कुछ लोगों को विटामिन-बी12 की कमी के कारण रात को सोते समय भी पैरों में जलन हो सकती है।

स्किन फटना
इसकी कमी के कारण स्किन ड्राई और फट भी सकती है खासतौर पर एड़ियों में यदि स्किन फटी हुई है तो इसे इग्नोर न करें। कुछ गंभीर मामलों में तो पैरों की स्किन में बहुत दरारें आ सकती हैं या यह फट सकती है जिसके चलते खून निकलने की समस्या भी हो सकती है। इसके कारण आपको बहुत दर्द भी हो सकती है और इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ सकता है।
पैर कमजोर होना
अगर आपके पैरों की मांसपेशियों में कमजोरी रहती है तो यह भी विटामिन-बी 12 का संकेत हो सकता है। यह विटामिन शरीर में एनर्जी बढ़ाने का काम भी करता है यदि इसकी शरीर में कमी हो जाए तो मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और दर्द होने लगता है।
इस बात का भी रखें ध्यान
यदि आपको पैरों में बहुत झुनझुनाहट हो रही है, स्किन में बदलाव, संतुलन बनाने में समस्या या फिर स्किन फट रही है तो उसे नजरअंदाज न करें। ऐसे लक्षण विटामिन-बी12 की कमी का संकेत हो सकता है। तुरंत आप डॉक्टर से चेक करवाएं और विटामिन-बी12 के स्तर की जांच करवाएं।

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
