सर्दियों के मौसम की शुरुआत हो गई है। उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह-शाम हल्की ठंड पड़ने लगी है। वैसे तो हल्की ठंडी का मौसम हर किसी को बेहद सुहावना लगता है लेकिन मौसम में होने वाला कोई भी बदलाव आपकी सेहत और चेहरे की सुंदरता पर गहरा असर डालता है। सर्दियों की शुरुआत ठं‍डी हवाओं से होती है जो त्वचा को नुकसान पहुंचाती हैं। इस मौसम में त्वचा में ड्राईनेस, स्किन का चटकना, फटना, होंठ फटना, स्किन पर रैशेज और कई बार सूजन जैसी दिक्कतें भी होने लगती हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप इस मौसम की शुरुआत में ही अपनी त्वचा की देखभाल करना शुरू कर दें। आपको जानकर हैरानी होगी लेकिन आपके किचन में ही ऐसी कई सारी चीजें मौजूद हैं जो सर्दियों में त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। आज आपको कुछ ऐसी ही चीजों के बारे में बताएंगे। आइए जानते हैं।

कच्चा दूध

जिन लोगों की स्किन ड्राई होती है, उनके लिए कच्चा दूध बेहद फायदेमंद होगा क्योंकि इसमें फैट और प्रोटीन की भरपूर मात्रा पाई जाती है। इसके लिए आप बस कच्‍चे दूध में रुई भिगो दें और फिर उससे चेहरे की मसाज कर लें इसमें लैक्टिक एसिड भी पाया जाता है जो त्वचा के दाग-धब्बों को हल्का करेगा।

नारियल का तेल

इसका इस्तेमाल सदियों से बालों और चेहरे की सुंदरता बढ़ाने के लिए हो रहा है। यह आपकी त्वचा पर प्राकृतिक मॉइश्चराइजर की तरह काम करेगा। यह त्वचा को रूखेपन से बचाएगा और कोलेजन को भी बूस्‍ट करेगा इससे त्वचा में कसाव आएगा। आप नारियल के तेल को डायरेक्ट भी त्वचा में लगा सकती हैं या फिर आप इसमें गुलाब जल और एलोवेरा जेल मिक्‍स करके चेहरे पर लगा सकते हैं।

शहद

यह ना सिर्फ खाया जा सकता है बल्कि यह त्वचा पर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे लगाने से चेहरे पर न सिर्फ निखार आएगा बल्कि इससे त्वचा कोमल और चमकदार भी बनेगी। शहद लगाने से त्वचा के घाव, दाग-धब्बे और पिंपल्स अपने आप हील होने लगेंगे लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप चेहरे पर शहद का ज्यादा इस्तेमाल करें। आप किसी फेस पैक या ऐसे ही चेहरे पर शहद लगाएं और फिर आधा से एक घंटे के बाद पानी से चेहरे को साफ कर लें और फिर उस पर नारियल का तेल लगाएं। ऐसा करने से आपकी स्किन बहुत ग्लोइंग हो जाएगी।

देसी घी

यह ना सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाएगा बल्कि आपकी त्वचा के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। शुद्ध देसी घी हेल्दी फैट्स और ढेरों विटामिन्स का रिच सोर्स माना जाता है जो स्किन को टाइट रखेगा और उसे पोषण देगा। इसमें त्वचा को रूखेपन से बचाने के गुण के साथ ही चमकदार और मुलायम बनाने के भी गुण होते हैं। आप रसोई में रखे घी का इस्तेमाल खाने के साथ ही त्वचा में लगाने के लिए भी कर सकती हैं। इसे लगाने से और चेहरे की मसाज करने से त्वचा का ब्‍लड सर्कुलेशन भी अच्छा होगा।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *