मौसम में बदलाव और बारिशों के समय लोगों को बैक्टीरिया और वायरस के कारण वायरल या सर्दी जुकाम होने का जोखिम बढ़ जाता है। इस दौरान सावधानी न बरतने से व्यक्ति को बुखार और फ्लू जैसी अन्य बीमारियां हो सकती हैं। आपको बता दें कि सर्दी जुकाम और फ्लू दोनों ही साांस से जुड़ी समस्याएं हैं। यह इंफेक्शन वायरल के कारण होता है इतना ही नहीं सर्दी जुकाम और फ्लू के लक्षण भी काफी हद तक एक जैसे ही होते हैं लेकिन, इसके बावजूद लोगों के मन में हमेशा ही यह सवाल आता है कि क्या सर्दी जुकाम और फ्लू एक ही समय पर होते हैं? तो आइए जानते हैं कि क्या सर्दी जुकाम और फ्लू एक समय में हो सकते हैं।
क्या सर्दी और फ्लू एक साथ हो सकते हैं?
एक्सपर्ट्स कि मानें तो व्यक्ति को सर्दी जुकाम और फ्लू की समस्या एक साथ हो सकती है हालांकि, यह दुर्लभ है, लेकिन जब शरीर की इम्यूनिटी पॉवर कमजोर होती है या एक व्यक्ति पहले से ही सर्दी या फ्लू के संक्रमण से गुजर रहा हो तो वह आसानी से दूसरे संक्रमण का शिकार हो सकता है। इसके कुछ कारण हैं जैसे

सामान्य वायरस का संपर्क
जिन जगहों पर लोग ज्यादा समय बिताते हैं, जैसे ऑफिस, स्कूल, या भीड़भाड़ वाले स्थान, वहां सर्दी और फ्लू दोनों वायरस का सामना हो सकता है। इससे इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है।
मौसम का असर
सर्दी के मौसम में वायरस ज्यादा एक्टिव होते हैं जिससे एक-साथ सर्दी और फ्लू होने की संभावना बढ़ सकती है।
इम्यूनिटी कमजोर होना
जब आप एक संक्रमण से जूझ रहे होते हैं, तो आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली पहले से ही कमजोर होती है। ऐसे में दूसरा वायरस आसानी से शरीर में प्रवेश कर सकता है।
सर्दी और फ्लू में अंतर
सर्दी
सर्दी सामान्य राइनोवायरस, कोरोना वायरस, या अन्य वायरस के कारण होती है। यह एक हल्की बीमारी होती है जिसमें नाक बहना, हल्का गले में दर्द, खांसी और कभी-कभी हल्का बुखार भी हो सकता है। सर्दी का असर आमतौर पर एक हफ्ते तक रहता है और इसके लक्षण हल्के ही होते हैं।
फ्लू (Influenza)
फ्लू इन्फ्लुएंजा भी वायरस के कारण होता है लेकिन, यह सर्दी से ज्यादा गंभीर होता है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, शरीर में दर्द, कमजोरी, सिर दर्द और गंभीर खांसी शामिल हैं। फ्लू का असर दो हफ्तों तक रहता है और यह कभी-कभी गंभीर जटिलताओं का कारण भी बन सकता है। सर्दी और फ्लू एक साथ होना संभव है, लेकिन इसे रोका भी जा सकता है। अपनी इम्यूनिटी को मजबूत रखने, साफ-सफाई का ध्यान रखने और फ्लू वैक्सीन लेने से इसका जोखिम कम किया जा सकता है। यदि आप एक साथ सर्दी और फ्लू का अनुभव कर रहे हैं, तो इसे हल्के में न लें। इसके लक्षण दिखाई देने पर आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

