पीरियड्स महिलाओं की जिंदगी का एक हिस्सा है। पीरियड्स में महिलाओं को दर्द तो सहना ही पड़ता है, लेकिन काम भी करना पड़ता है, इसलिए आजकल कामकाजी महिलाएं पीरियड्स लीव की मांग कर रही हैं। लेकिन यह तो ठीक है पर ऐसी बहुत सी जगहें हैं जहां महिलाओं को छुट्टी नहीं मिलती है। बहुत सी महिलाओं के पास पीरियड्स के समय काम आने वाली चीजें भी नहीं है। इनके पास पीरियड्स के दौरान पैड भी नहीं होते हैं।

Footpath पर काम करने वालों की कहानी

दिल्ली के मेट्रो के नीचे काम करने वाली 32 साल की मुन्नी का कहना है कि उसे पीरियड्स 15-15 दिन तक रहते हैं, कई बार एक महीना भी हो जाता है। इस दौरान उसे बहुत दर्द रहता है। बहुत बार इसी दर्द के चलते वह फूल भी नहीं बेच पाती है। इस कारण भी उसका पति उसे छोड़ कर चला गया था। मुन्नी ने बताया कि उसके पति का कहना था कि महीने में 20 दिन अगर खून में ही रहेगी तो उसे सुख कब देगी। इस बात को लगभग 9 साल से ज्यादा हो गया है।

कपड़े का इस्तेमाल

मुन्नी को एक महीने में कम से कम 15 दिन पीरियड्स आते हैं। उसने बताया कि शादी से पहले से ही उसे यह दिक्कत होती है, लेकिन बाद में भी यह ठीक नहीं हुई। वह कपड़े का इस्तेमाल करती हैं। एक महीना हो जाता है और खून भी नहीं रुकता तो उसे अपने आस-पास की औरतों से कपड़ा मांगना पड़ता है। उसने बताया कि सरकारी अस्पताल में भी डॉक्टर को दिखाया, जिसके बाद उन्होंने एक महीने की दवाई दी, लेकिन एक महीने के बाद फिर वैसा ही शुरू हो गया। जिसके बाद फिर से डॉक्टर के पास गई तो उन्होंने अल्ट्रासाउंड करवाने को कहा, लेकिन उसके पास इतने पैसे नहीं है कि वे अल्ट्रासाउंड करवा सके।

कारण

सात दिन या उससे ज्यादा दिन तक पीरियड्स रहना और ब्लीडिंग भारी मात्रा में होने से मेनोरेजिया जैसी मेडिकल कंडीशन हो सकती है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सोनोग्राफी की जाती है, जिससे ये पता लगाने में मदद मिलती है कि महिलाओं को कोई ट्यूमर, अल्सर या कोई हार्मोनल असंतुलन तो नहीं। अगर फिर भी सही तरह से पता न लगे तो डी एंड सी की जाती है, ताकि पता चले कि कैंसर या कुछ और बड़ी दिक्कत तो नहीं है।

दर्द में दवाई लेना ठीक है?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि पीरियड्स में अगर दर्द हो तो हर बार पेनकिलर लेना सेहत के लिए ठीक नहीं है। जब पीरियड्स शुरू होते हैं तो हल्का दर्द होना आम बात है। फिर भी मांसपेशियों को आराम देने के लिए हीट थेरेपी का प्रयोग कर सकते हैं। ज्यादा दर्द होने पर आप डॉक्टर को दिखा सकते हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *