आजकल के बदलते लाइफस्टाइल और प्रदूषण के कारण खराब बाल और त्वचा की समस्या बहुत आम हो गई है। हर उम्र के लोग बालों के झड़ने, रूखे बाल और दो मुंहे बालों की समस्या के साथ-साथ पिंपल्स, झाइयों, ड्राईनेस और उम्र से पहले झुर्रियों जैसी समस्याओं से परेशान हैं। इन समस्याओं का मुख्य कारण अनहेल्दी डाइट, तनाव, नींद की कमी और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का ज्यादा इस्तेमाल करना है। इसके अलावा, बिना सनस्क्रीन के लंबे समय तक धूप में रहने और पानी की कमी के कारण भी बालों और त्वचा को नुकसान हो सकता है। बालों और त्वचा को हेल्दी बनाने और उनकी सही देखभाल के साथ हेल्दी डाइट जरूरी है। हेल्दी फूड आइटम्स का सेवन करने से शरीर को जरूरी विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स मिलते हैं, जो बालों और त्वचा के लिए जरूरी हैं। तो चलिए आज आपको इस आर्टिकल के जरिए कि हेल्दी विटामिन्स और मिनरल्स कौन से हैं।
विटामिन-सी
सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है कि आप अपनी डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करें, जिनमें अच्छी मात्रा में विटामिन-C मौजूद होता हो। ऐसा इसलिए, क्योंकि विटामिन सी एक एंटीऑक्सीडेंट के रूप में कार्य करता है और कोलेजन के उत्पादन में मदद करता है। कोलेजन त्वचा को लचीला और जवां बनाए रखने में मदद करता है। यह विटामिन त्वचा को फ्री रेडिकल्स से बचाने के साथ-साथ त्वचा को धूप से होने वाले नुकसान से भी बचाता है। संतरे, नींबू, अंगूर, कीवी, टमाटर और स्ट्रॉबेरी जैसे फलों में विटामिन सी काफी अच्छी मात्रा में मौजूद होता है। इसका सेवन करने से त्वचा पर निखार आता है और शरीर की इम्यूनिटी भी मजबूत होती है।

आयरन
त्वचा और बालों को हेल्दी रखने के लिए जरूरी है कि आप रोजाना पर्याप्त मात्रा में आयरन का सेवन भी करें। आयरन न केवल आपकी त्वचा को हेल्दी रखता है, बल्कि बालों के विकास में भी अहम भूमिका निभाता है। आयरन की कमी के कारण एनीमिया हो सकता है जो बालों के गिरने का एक मुख्य कारण है। पालक, बीन्स और दालें आयरन के प्रमुख स्त्रोत माने जाते हैं। इन खाद्य पदार्थों का सेवन करके आप अपने बालों की क्वालिटी को बेहतर बना सकते हैं। हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि आयरन के साथ विटामिन-सी का सेवन जरूर करें। ऐसा इसलिए, क्योंकि विटामिन सी शरीर में आयरन के अवशोषण में मदद करता है।
जिंक
जिंक एक ऐसा मिनरल है जो त्वचा और बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी माना जाता है। यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और बालों के झड़ने की समस्या को कम करता है। जिंक की कमी से बालों का पतला होना और त्वचा पर ड्राईनेस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। जिंक की कमी दूर करने के लिए आप डाइट में सीफूड, नट्स और बीज शामिल कर सकते हैं। इसके सेवन से बाल और त्वचा की शाइन और मजबूती बनी रहती है।

विटामिन-बी कॉम्प्लेक्स
विटामिन बी कॉम्प्लेक्स, बालों और त्वचा के लिए बहुत जरूरी माना जाता है। यह बालों के विकास को बढ़ावा देता है और बालों के झड़ने की समस्या को कम करता है। इसके अलावा, यह विटामिन त्वचा का ग्लो भी बढ़ाता है और त्वचा को हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है। अंडे, नट्स और साबुत अनाज जैसी चीजों का सेवन आप कर सकते हैं।
विटामिन-ई
विटामिन-ई एक एंटीऑक्सीडेंट है जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स के कारण होने वाले नुकसान से बचाता है और बालों की क्वालिटी को बेहतर करने में मदद करता है। यह त्वचा की नमी बनाए रखने में भी मदद करता है और सूजन-जलन जैसी समस्याओं को कम करता है। विटामिन-ई के लिए आप डाइट में सूरजमुखी के बीज, अखरोट, बादाम और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल कर सकते हैं। इन फूड्स का सेवन करने से आप अपनी त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से भी बचा सकते हैं और बालों को मजबूत बना सकते हैं।
इस बात का भी रखें ध्यान
हेल्दी बालों और त्वचा के लिए विटामिन्स और मिनरल्स का सही मात्रा में सेवन करना जरूरी है। सही पोषण से न सिर्फ आपकी त्वचा में निखार आता है, बल्कि आपके बाल भी मजबूत और घने बनते हैं। नेशनल न्यूट्रिशन वीक 2024 के इस मौके पर आप अपनी डाइट में इन जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स को शामिल जरुर करें।

