वैसे तो महिलाओं का वजन बढ़ना एक आम समस्या है। हाल ही में यह देखा गया है कि कुश्ती खिलाड़ी विनेश फोगाट का वजन रातों-रात बढ़ गया, जिसके कारण वह पेरिस ओलंपिक से बाहर भी हो गई है। कई बार वजन बिना किसी खास कारण के भी बढ़ सकता है। अक्सर महिलाएं सोच में पड़ जाती हैं कि आखिर अचानक वजन क्यों बढ़ रहा है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, कुछ ऐसी आदतें या कारण होते हैं, जो बिना ध्यान दिए वजन बढ़ा सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं उन कारणों के बारे में, जिनसे महिलाओं का वजन रातों-रात बढ़ सकता है।

तनाव

आजकल की तेज रफ्तार भरी जिंदगी में तनाव लेना बहुत आम हो गया है, लेकिन ज्यादा तनाव लेने से शरीर में ‘कोर्टिसोल’ नाम के हॉर्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जिससे वजन बढ़ सकता है। स्ट्रेस के कारण लोग अक्सर ज्यादा और अनहेल्दी खाना खाने लगते हैं, जिसके कारण वजन बढ़ सकता है।

हेल्थ संबंधी समस्याएं

कभी-कभी वजन बढ़ने का कारण कोई स्वास्थ्य संबंधी समस्या भी हो सकती है, जैसे कि थायरॉइड, पीसीओडी या अन्य हॉर्मोनल समस्याएं। यदि आपका वजन अचानक से बढ़ने लगा है तो आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए और जरूरी टेस्ट करवाने चाहिए।

खानपान की गलत आदतें

यदि आप रात में ज्यादा तली-भुनी या भारी चीजें खाती हैं, तो यह भी वजन बढ़ने का एक बड़ा कारण हो सकता है। रात का खाना हल्का और पौष्टिक होना चाहिए, क्योंकि सोते समय पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है, जिससे शरीर में फैट जमा होने लगता है।

नींद की कमी

यदि आप रोजाना ठीक से नींद नहीं लेते हैं तो इसका असर आपके वजन पर पड़ सकता है। कम सोने से शरीर के हॉर्मोनल संतुलन में गड़बड़ी हो जाती है, जिससे भूख बढ़ जाती है और मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। इससे वजन बढ़ने की संभावना बढ़ जाती है।

शारीरिक गतिविधियों की कमी

यदि आप दिनभर एक ही जगह बैठे रहते हैं और शारीरिक गतिविधि नहीं करते तो आपका वजन बढ़ना स्वाभाविक है। शरीर को फिट रखने के लिए रोजाना थोड़ी बहुत एक्सरसाइज या वॉक करना जरूरी है। इससे कैलोरी बर्न होती है और वजन कंट्रोल में रहता है।

ये बातें भी जान लें

महिलाओं के वजन बढ़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें से कुछ हमारी लाइफस्टाइल से भी जुड़े हो सकते हैं, जबकि कुछ हेल्थ संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं। यदि आप इन कारणों को समझकर अपने जीवन में थोड़ा बदलाव करती हैं, तो वजन को कंट्रोल करना आसान हो सकता है। सही खानपान, रोजाना व्यायाम, और पर्याप्त नींद लेना जरूरी है। यदि आपका अचानक वजन बढ़ने लगा है तो डॉक्टर से परामर्श भी जरुर करें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *