आये दिन मेडिकल की दुनिया में कुछ न कुछ नया होता ही रहता है। अब ऐसे में गाजियाबाद के लोगों को हेल्थ एटीएम मशीन का लाभ मिलने जा रहा है, वो भी खुले में। दरअसल यहां पर लोगों को बेहतर तरीके से स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए हेल्थ एटीएम मशीन लगायी गयी है जो बंद कमरों में नहीं चलेंगी। वहीँ सीएमओ ने सख्त आदेश जारी किये हैं और कहा है कि ये मशीन ओपन में लगेगीं, वहीँ इनके लिए स्थान तय कर दिए गए हैं। जिला एमएमजी अस्पताल में ब्लड बैंक से हटाकर मशीन को एनसीडी विंग में लगाया जाएगा।
सीएमओ ने जारी किये आदेश
आपको बता दें सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। वहीँ कोविड के दौरान सीएसआर फंड के तहत मरीजों की सुविधा के लिए सात हेल्थ एटीएम लगाईं गईं थी। लेकिन इनमें से कई मशीन बंद पड़ी हैं। स्ट्रिप्स के अभाव में कई जगह जांच ही नहीं की जाती है।
इन जगहों से हटाकर मशीन को यहां लगाया गया
बता दें जिला एमएमजी अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में लगाई गई हेल्थ एटीएम से रक्तदान करने वालों का रक्तचाप, मधुमेह, आक्सीजन स्तर, हीमोग्लोबिन और वजन भी नापा जा रहा है। संयुक्त अस्पताल में इमरजेंसी से हटाकर लेबर रूम में मशीन को लगाया जाएगा।
हेल्थ एटीएम मशीन करेगी 59 जांचें
दरअसल हेल्थ एटीएम से सेहत संबंधी 59 जांच हो सकती हैं। फिलहाल अभी इस मशीन से ब्लड प्रेशर, लंबाई और वजन नापने का काम ही लिया जा रहा है। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि लेबर रूम 24 घंटे खुला रहता है, ऐसे में इस मशीन का यहां लगना ही ठीक है। लेबर रूम के बाहर ओपन में ही इनकों लगाया जाएगा। ताकि मरीज आसानी से इसका लाभ ले पाएं।
स्वास्थ्यकर्मी करेगा हेल्थ एटीएम से जांच
हेल्थ एटीएम पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मी को ही मरीज का ब्लड प्रेशर, वजन, लंबाई, शरीर का तापमान, शरीर में आक्सीजन की मात्रा, बाडी मास इंडेक्स, शरीर में पानी की कमी, पल्स रेट आदि की जांच करनी होगी। ताकि मरीज को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। वहीँ इसके अलावा खून व पेशाब की जांच , शुगर, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी इससे होंगी। भविष्य में हेल्थ एटीएम से डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, गर्भावस्था जांच, टायफाइड, एचआइवी, ईसीजी आदि जांचें भी शुरू हो जायेंगी।
