आज कल के लाइफस्टाइल के देखते हुए हर कोई अपनी सेहत के लिए अलर्ट रहता है। खुद को फिट रखने के लिए सेलेब्रिटीज ही नहीं बल्कि आम लोग भी एक्सरसाइज से लेकर योग को अपना रहे हैं। बावजूद इसके वे कई तरह के कैंसर का शिकार हो रहे हैं। आये दिन कोई न कोई सेलेब्रिटी कैंसर की चपेट में है। भले ही वो इससे रिकवर हो जाते हैं। लेकिन यहां सवाल ये उठता है कि इतने हेल्दी लाइफस्टाइल के बावजूद वे इसके शिकार क्यों हो रहे हैं।
बता दें बीते कुछ समय में कई बड़े सेलेब्स को कैंसर होने की खबर मिली। इनमें सोनाली बेंद्रे, अनुराग बासु, मनीषा कोइराला, संजय दत्त, युवराज सिंह, ताहिरा कश्यप और हिना खान समेत कई सेलिब्रेटीज हैं। कुछ बड़े स्टार्स तो कैंसर की वजह से अपनी जान तक गंवा चुके हैं, हालांकि, कई इससे लड़कर ठीक भी हो चुके हैं। वहीँ हेल्दी लाइफ को एन्जॉय भी कर रहे हैं।
कैंसर कितनी खतरनाक बीमारी
कैंसर में शरीर की कुछ कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ जाती हैं। वहीँ ये शरीर के दूसरे हिस्सों में फैलने लगती हैं। इसकी शुरुआत शरीर के किसी भी हिस्से से हो सकती है। कैंसर कई तरह के होते हैं, जिनमें ब्रेस्ट कैंसर, ओवेरियन कैंसर, स्किन कैंसर, लंग कैंसर, कोलोन कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, ब्लड कैंसर और लिंफोमा जैसे कई कैंसर शामिल हैं। इन सभी के लक्षण अलग-अलग होते हैं।
हेल्दी लाइफस्टाइल के बावजूद क्यों हो रहा है कैंसर
कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैंसर होने के कई कारण हो सकते हैं। हेल्दी लाइफस्टाइल जीने का मतलब यह नहीं कि कैंसर कभी होगा ही नहीं। हालांकि, अगर आप स्वस्थ जीवनशैली में जी रहे हैं तो कैंसर ही नहीं कई अन्य बीमारियों का रिस्क भी कम हो जाता है। इसलिए किसी गलत सोच के कारण हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए करने वाले मेहनत को नहीं छोड़ना चाहिए।
इन कारणों के चलते सेलिब्रिटीज हो रहे हैं कैंसर के शिकार
लाइफस्टाइल है जिम्मेदार
यह तो सभी जानते हैं कि ये बड़े सेलिब्रिटीज अक्सर डायटिशियन और डॉक्टर की निगरानी में रहते हैं। लेकिन यह बात भी सच है कि कई सेलिब्रिटीज के लाइफस्टाइल में स्मोकिंग, अल्कोहल और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन बहुत ही ज्यादा है। इसके अलावा, हमेशा स्लिम और अट्रैक्टिव दिखने के लिए अक्सर उन्हें कड़ी डाइटिंग करनी पड़ती है, जिससे उनकी इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है और वे बीमारियों के प्रति ज्यादा संवेदनशील हो जाते हैं।
दूसरी राय लेने में देरी
सेलिब्रिटीज के पास टॉप लेवल हेल्थ केयर की सुविधा मौजूद होती हैं। लेकिन दूसरी राय लेने या कोई विश्वसनीय विशेषज्ञ ढूंढने में अक्सर देरी हो सकती है, जिसके कारण बीमारी का समय रहते पता नहीं चल पाता।
हेल्थ अवेयरनेस की कमी
कई सेलिब्रिटीज सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियानों में तो भाग लेते हैं लेकिन अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य को गंभीरता से नहीं लेते हैं। इसके अलावा, एक कारण यह भी है कि स्वास्थ्य अभियानों में भाग लेने के बावजूद उन्हें खुद के स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं होती। इतना ही नहीं, कुछ सेलिब्रिटिज खुद भी समाज में फैली भ्रांतियों पर विश्वास करते हैं।
शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज करना
शुरुआती लक्षणों के बारे में जानकारी ना होना, जागरूकता की कमी या गलत जानकारी के कारण अक्सर बड़ी बीमारी को साधारण परेशानी समझ लिया जा सकता है, जिससे निदान में देरी हो सकती है।
बिजी लाइफस्टाइल
सेलिब्रिटीज की काफी व्यस्त जीवनशैली होती है, जिसकी वजह से वे अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करवा पाते हैं। इसके कारण अक्सर उन्हें अक्सर किसी गंभीर बीमारी का समय पर पता नहीं चल पाता है। जरूर से ज्यादा तनाव, अनियमित और अनहेल्दी जीवनशैली के कारण अक्सर लोग अपनी सेहत के प्रति लापरवाह हो जाते हैं।
सेहत से ज्यादा इमेज का ख्याल
सेलिब्रिटीज की पर्सनल लाइफ भी पब्लिक होती है। फैंस को हमेशा यह जानने की इच्छा होती है कि उनके फेवरेट स्टार्स की निजी जिंदगी में क्या चल रहा है। जिसकी वजह से पैपराजी हर दम उनके पीछे लगे रहते हैं। ऐसे में, अपनी पब्लिक इमेज और प्राइवेसी की चिंता के कारण भी कई सेलिब्रिटीज जल्दी कोई मेडिकल सहायता लेने से बचते हैं।
किस तरह से बनाएं हेल्दी लाइफस्टाइल
डेली एक्सरसाइज करें
स्मोकिंग को bye bye करें, शराब से बचें
हेल्दी खाना खाएं
किसी भी तरह का कंफ्यूजन होने पर डॉक्टर से बात करें
