अगर आप भी कभी-कभी पेट में अचानक बहुत तेज दर्द होने को इग्नोर करते हैं तो आप किसी मुसीबत में फंस सकते हैं। हाल ही में कॉमेडियन और टीवी होस्ट भारती सिंह ने अपने फैंस को हैरत में तब डाल दिया। जब भारती ने हॉस्पिटल के बेड से व्लोग शूट कर शेयर किया। दरअसल बीते दिनों भारती सिंह अस्पताल में भर्ती हुई थी। आपको बता दें भारती के पेट में अचानक दर्द होने कारण उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा। इसके पीछे की वजह उनके गॉलब्लैडर में स्टोन का होना है।
गॉलब्लैडर में हैं स्टोन
भर्ती को कई दिनों से पेट में दर्द की शिकायत हो रही थी जिसके चलते भारती ने उसे ये सोचकर इग्नोर कर दिया कि शायद यह गैस्ट्रिक प्रोब्लम है। लेकिन जब दर्द बर्दाश्त से बाहर हुआ और वह डॉक्टर के पास गईं, तो मामला कुछ और ही निकला। जांच के दौरान उन्हें पता चला कि उनके गॉलब्लैडर स्टोन यानी पित्त की थैली में पथरी है, जिसकी वजह से उन्हें दर्द हो रहा था। ऐसे में भारती सिंह को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
आखिर गॉलब्लैडर में स्टोन क्यों होता है
दरअसल एक्सपर्ट्स के मुताबिक पित्ताशय में पर्याप्त मात्रा में बाइल के साथ केमिकल होता है जो कोलेस्ट्रॉल को घुला कर बाहर निकाल देता है। लेकिन कभी-कभी पित्त से ज्यादा कोलेस्ट्रॉल का प्रोडक्शन हो जाता है। इस स्थिति में अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल क्रिस्टल और अंततः पत्थर में बदलने लगता है। इसके अलावा यदि गॉल ब्लैडर में पित्त यदि पूरी तरह से खाली नहीं होता तो यह पित्त संघनित होकर स्टोन में बदलने लगता है। जिससे गॉलब्लैडर में स्टोन होता है।
इसके होने के लक्षण
गॉल ब्लैडर स्टोन के लक्षण अलग-अलग लोगों में अलग-अलग पाए जाते हैं। कुछ लोगों में पेट के उपरी हिस्से में अचानक बहुत तेज दर्द होने लगता है जबकि कुछ लोगों में पेट के बीच में अचानक बहुत तेज दर्द महूसस होता है। जो लोग ज्यादा फैट वाली चीजें खाते हैं उन्हें इस दर्द का अनुभव होता है। कुछ लोगों में यह दर्द काफी गंभीर हो सकता है। इसके साथ ही कंधे के पास बैक पैन का अनुभव, दाहिने कंधे में दर्द, उल्टी, जी मिचलाना आदि इसके सामान्य लक्षण है।
गॉल ब्लैडर स्टोन का इलाज कैसे होता है
आमतौर पर जब किडनी में स्टोन हो, तो कुछ घरेलू इलाज किया जा सकता है। लेकिन गॉल ब्लैडर स्टोन में सर्जरी ही की जाती है। हालांकि पहले डॉक्टर दवाई से इसे गलाने की कोशिश करते हैं, अगर इसके बाद भी सही नहीं होता तो सर्जरी करनी ही पड़ती है। कुछ लोगों में गॉल स्टोन होने के बावजूद कोई लक्षण नहीं दिखाई देते हैं। इस परिस्थिति में आमतौर पर डॉक्टर सर्जरी की सलाह नहीं देते। यह ऐसे ही सही हो जाता है।
किस तरह से करें बचाव
गॉल स्टोन की समस्या ज्यादातर महिलाओं में ही देखी जाती है। ऐसे में ये न हो इसके लिए डाइट में कुछ बदलाव करें। डाइट में फाइबरयुक्त भोजन का ज्यादा सेवन करें। हमेशा सीजनल फ्रूट, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को अपनी डाइट में शामिल करें। साथ ही वजन को कंट्रोल में रखें।
