वैसे तो नमक का सेवन हमेशा से ब्लड प्रेशर से जोड़ा जाता रहा है। हाई ब्लड प्रेशर होने पर व्यक्ति को कम नमक खाने की सलाह दी जाती है, जबकि लो ब्लड प्रेशर में ज्यादा नमक खाने की सलाह दी जाती है। हाई ब्लड प्रेशर दिल के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, इसलिए दिल की सेहत को बनाए रखने के लिए नमक का सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है। हालांकि नमक का अत्यधिक सेवन न केवल दिल, बल्कि किडनी पर भी बुरा असर डालता है, जिससे किडनी की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता है।

ज्यादा नमक से किडनी को खतरा

एक्सपर्ट्स के मुताबिक अत्यधिक नमक के सेवन से पेशाब में कैल्शियम की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे किडनी में पथरी बनने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही ज्यादा नमक से पेशाब में प्रोटीन की मात्रा भी बढ़ जाती है, जिससे किडनी की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और किडनी खराब होने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी कारण डॉक्टर एक दिन में 5 ग्राम से अधिक नमक न खाने की सलाह देते हैं।

कम पानी पीना भी नुकसानदायक

जैसे ज्यादा नमक किडनी के लिए हानिकारक है, वैसे ही कम पानी पीना भी किडनी की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। हेल्दी किडनी बनाए रखने के लिए रोजाना 2 से 3 लीटर पानी पीना आवश्यक है। पर्याप्त पानी पीने से किडनी साफ रहती है और शरीर से सभी टॉक्सिन्स बाहर निकल जाते हैं। इसके अलावा पर्याप्त पानी पीने से यूरिक एसिड का निर्माण भी कम होता है, जिससे स्टोन बनने का खतरा भी कम हो जाता है।

पेनकिलर्स का अधिक सेवन किडनी को पहुंचाता है नुकसान

आजकल लोग दर्द से राहत पाने के लिए बिना डॉक्टर की सलाह के ओवर-द-काउंटर पेनकिलर्स का सेवन करते हैं। ये दवाएं तुरंत राहत तो देती हैं, लेकिन लंबे समय तक इनका सेवन किडनी के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी पेनकिलर न लें।

किडनी का बचाव कैसे करें

डायबिटीज के मरीज अपनी किडनी का खास ध्यान रखें

मीठे और नमक का सेवन कम करें

रोजाना 2 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं

बिना डॉक्टर की सलाह के पेनकिलर्स का सेवन न करें

रोजाना 7-8 घंटे की पर्याप्त नींद लें

प्रोसेस्ड फूड्स से बचें और वजन नियंत्रित रखें

तनाव से बचने के लिए योग और मेडिटेशन करें।

वहीं किडनी की सेहत को बनाए रखने के लिए संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली का पालन करें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *