मच्छर जिसे हम सभी छोटा सा जीव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन ये छोटा सा जीव ही कई तरह की बीमारियां पैदा कर सकता है। लोगों को मच्छर से पैदा होने वाले रोगों से जागरुक करने के लिए हर साल 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस भी मनाया जाता है। आपको बता दें कि पूरी दुनिया में हर साल मच्छर से फैलने वाली बीमारियों के कारण 10 लाख से ज्यादा लोग अपनी जान ही गंवा देते हैं।
मच्छर फैलाते हैं ये बीमारियां
20 अगस्त 1987 में आज ही के दिन ब्रिटिश डॉक्टर सर रोनॉल्ड रॉस ने मादा एनोफिलीज मच्छर के पेट में मलेरिया परजीवी की पहचान की थी। इससे मनुष्यों में मलेरिया फैलाने वाले मच्छरों के बारे में पहला सबूत मिला। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सभी मच्छर बीमारियां नहीं फैलाते हैं। डेंगू, चिकनगुनिया और जीका वायरस की बीमारियां दिन में काटने वाले एडीज (स्टेगोमिया) मच्छरों द्वारा फैलती हैं।

डेंगू के लिए 2024 सबसे खराब साल
डेंगू के मामलों के लिए 2024 सबसे खराब साल है क्योंकि 80 देशों में 11 मिलियन से ज्यादा मामले इस बीमारी के सामने आए हैं, जिसमें से 24,000 से ज्यादा मामले गंभीर हैं और दुनिया भर में डेंगू के कारण इस साल अब तक 6,500 से ज्यादा मरीज अपनी जान भी गंवा चुके हैं।
मच्छर के काटने से फैलने वाली बीमारियां
मच्छर कई बीमारियों की वजह बने हुए हैं। हर साल लाखों लोग मच्छरों के काटने की वजह से बीमार होते हैं। बड़ी संख्या में लोगों की मौत भी हो जाती है। पूरी दुनिया में मच्छर के काटने से फैलने वाली 10 से ज्यादा बीमारियां हैं, ये मच्छर मलेरिया, डेंगू, येलो फीवर, जीका वायरस, चिकनगुनिया और वेस्ट नाइल वायरस जैसी गंभीर बीमारियों के वाहक होते हैं।
मच्छरों का काटना बेहद गंभीर
मच्छर का काटना हमें मामूली परेशानी की तरह लगता है, जो कई बार स्किन पर लाल धब्बे छोड़ जाता है और कुछ दिनों के बाद ठीक भी हो जाता है लेकिन इन छोटी-छोटी परेशानियों के पीछे कहीं अधिक गंभीर खतरा छिपा है। मच्छर के काटने से ऐसी बीमारियां हो सकती हैं जो दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रभावित करती हैं। मच्छरजनित बीमारियों के लक्षण में तेज सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, तेज बुखार, मतली, थकान, गंभीर पेट दर्द, उल्टी जैसी समस्याएं शामिल हैं।

मच्छरों से बचने के तरीके
असल में केवल मादा मच्छर ही काटते हैं और वायरस से होने वाली मलेरिया समेत दूसरी बीमारियों को फैलाते हैं, इसलिए इनकी रोकथाम के लिए क्वॉयल, मच्छर रिपेलेंट का इस्तेमाल, स्प्रे, लंबी बाजू के कपड़े पहनना, खिड़की के पर्दे लगाना, और पानी जमा न होने देना जैसे कुछ अपनाकर आप मच्छरों पर लगाम लगा जा सकते हैं। किसी भी लक्षण के नजर आने पर बिना ज्यादा देर किए डॉक्टर को दिखाएं।
