कैल्शियम हमारे शरीर के लिए एक महत्वपूर्ण खनिज है जो हड्डियों को मजबूत रखने, मांसपेशियों के कार्य और तंत्रिका संचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उम्र बढ़ने के साथ, ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों से बचने और हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए कैल्शियम की जरूरत बढ़ जाती है। आमतौर पर दूध या मखाने जैसी चीजों से कैल्शियम की पूर्ति की जा सकती है, लेकिन कई लोग इसके लिए कैल्शियम सप्लीमेंट्स का सहारा लेते हैं। हालांकि हाल के शोधों ने कैल्शियम सप्लीमेंट्स और दिल की बीमारियों के बीच संभावित लिंक पर बहस छेड़ दी है।
कैल्शियम हेल्दी बॉडी के लिए जरूरी
कैल्शियम मानव शरीर में सबसे प्रचुर मात्रा में पाया जाने वाला खनिज है, जिसमें लगभग 99% कैल्शियम हड्डियों और दांतों में संग्रहित होता है। यह हड्डियों के निर्माण और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी स्थितियों से बचाव में मदद करता है। इसके अलावा कैल्शियम मांसपेशियों के संकुचन, रक्त के थक्के बनने और तंत्रिका संकेतों के संचरण में भी शामिल होता है। इन महत्वपूर्ण कार्यों के कारण पर्याप्त कैल्शियम स्तर बनाए रखना समग्र स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। लेकिन क्या कैल्शियम या इसके सप्लीमेंट्स हार्ट अटैक के जोखिम का कारण बन सकते हैं?
कैल्शियम सप्लीमेंट्स और हार्ट अटैक का जोखिम
हाल के स्टडी ने कैल्शियम सप्लीमेंट्स और हृदय रोगों के बीच संभावित लिंक को लेकर चिंताएं जताई हैं। कुछ स्टडी से पता चलता है कि उच्च खुराक में कैल्शियम सप्लीमेंट्स लेने से हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ सकता है। ब्रिटिश मेडिकल जर्नल में प्रकाशित एक प्रमुख स्टडी में पाया गया कि कैल्शियम सप्लीमेंट्स लेने वाले व्यक्तियों में हृदय संबंधी घटनाओं का जोखिम उन लोगों की तुलना में अधिक था जो सप्लीमेंट्स नहीं लेते थे। यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या अत्यधिक कैल्शियम के सेवन से धमनियों में प्लाक के निर्माण में बाधा बन सकता है, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ सकता है।
कैसे बनता है कैल्शियम हार्ट अटैक का कारण
2021 की एक समीक्षा के अनुसार, 700 से 1,000 मिलीग्राम प्रतिदिन कैल्शियम का सेवन या 1,000 मिलीग्राम प्रतिदिन सेवन करने से एक व्यक्ति के कोरोनरी हृदय रोग के जोखिम को काफी बढ़ा देता है।
कैल्शियम का सेवन कैसे करें संतुलित
कैल्शियम सप्लीमेंट्स शुरू करने से पहले अपने आहार में कैल्शियम की मात्रा का मूल्यांकन करें। ज्यादातर लोग दूध, हरी सब्जियों और फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों से अपने कैल्शियम की जरूरतों को पूरा कर सकते हैं। किसी भी सप्लीमेंट को शुरू करने से पहले हमेशा स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें।
अगर सप्लीमेंट्स आवश्यक हैं, तो अपनी जरूरत के हिसाब से कैल्शियम कार्बोनेट या कैल्शियम साइट्रेट जैसे विकल्प चुनें। खुराक के प्रति सावधान रहें, और वयस्कों के लिए आमतौर पर यह 1,000 से 1,200 मिलीग्राम तक होती है। वहीं अनुशंसित मात्रा से अधिक न लें।
