ये रिश्ता क्या है कहलाता से लोगों के दिलों में जगह बना चुके मोहसिन खान किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। सीरियल में उनकी ओर शिवांगी जोशी की जोड़ी को फैंस ने खूब प्यार दिया है। वहीं मोहसिन सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं और फैंस के साथ अपने से जुड़ी अपडेट्स शेयर करते ही रहते हैं। अब हाल ही में मोहसिन ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्हें पिछले साल माइल्ड हार्ट अटैक आया था।
एल्कोहॉलिक फैटी लिवर के कारण आया हार्ट अटैक
पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में मोहसिन ने बताया कि पिछले साल उन्हें एल्कोहॉलिक फैटी लिवर की शिकायत हो गई थी। इसके कारण उन्हें माइल्ड हार्ट अटैक आ गया था। एक्टर की हालत काफी खराब हो गई थी उन्हें अस्पतालों के चक्कर भी लगाने पड़े। मोहसिन ने कहा कि उनके साथ ऐसा कैसे और क्यों हुआ इसके बारे में वो नहीं जानते। एक्टर ने कहा कि – मैंने इतनी लंबी ब्रेक पर जाने के बारे में बिल्कुल भी नहीं सोचा,मैंने करीब डेढ़ साल की योजना बनाई थी लेकिन उसके बाद मैं बीमार पड़ गया।

डॉक्टर ने बताई वजह
वहीं डॉक्टर ने उन्हें बताया कि उन्हें फैटी लिवर हो गया था और हार्ट अटैक के पीछे का मुख्या कारण भी यही था। फैटी लिवर से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है, क्योंकि इससे धमनियों में कोलेस्ट्रॉल जमा हो जाता है, जो दिल तक पहुंचने वाले ब्लड फ्लो को रोक सकते हैं। फैटी लिवर रोग, खासतौर से गैर-अल्कोहल वाला (NAFLD), वैश्विक स्तर पर इस समय लगातार बढ़ रहा है। खानपान में की गई गलतियों और एक्सरसाइज की कमी के कारण लिवर फैटी हो जाता है, लेकिन यह उन लोगों में भी हो सकता है जो शराब नहीं पीते हैं, जिससे यह एक खामोश लेकिन खतरनाक स्थिति भी बन जाती है। मोहसिन के मामले में, बीमारी इस हद तक बढ़ गई थी कि इसने उनके दिल को प्रभावित किया, जिससे उन्हें दिल का दौरा पड़ा।
इम्यूनिटी हो गई थी खराब
आगे एक्टर ने बताया कि इस बीमारी के कारण उनकी इम्यूनिटी काफी खराब हो गई थी वो बहुत कमजोर भी महसूस करने लगे थे लेकिन अब वो पहले से काफी बेहतर हैं। मोहसिन खान के इस खुलासे के बाद फैंस काफी परेशान भी हो गए हैं और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ लोग उन्हें लिवर हेल्थ को ठीक करने के सलाह भी दे रहे हैं।
हार्ट अटैक के लक्षण
सीने में दर्द जो दबाव, जकड़न, दर्द, निचोड़ने जैसा महसूस होना।
दर्द या बेचैनी जो कंधे, हाथ, पीठ, गर्दन, जबड़े, दांतों या कभी-कभी पेट के ऊपरी हिस्से तक फैल जाती है।
ठंडा पसीना आना ।
थकान ।
सीने में जलन या अपच होना।

सिर चकराना या अचानक चक्कर आना।
मतली जैसा महसूस होना
