हर कोई चाहता है कि उनकी त्वचा हेल्दी-निखरी हो, गुलाबी-मुलायम होंठ हों और खूबसूरत-शाइनी बाल हो। इसके लिए लोग खूब कोशिश करते हैं। खासकर महिलाएं, वे हर महीने पार्लर जाकर तमाम तरह के महंगे ट्रीटमेंट करवाती हैं और महंगे-महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं और ऐसे में उनका खर्चा भी हो जाता है। ऐसे में अगर आप इस तरह के ब्यूटी ट्रीटमेंट के खर्चों से बचना चाहते हैं तो ये आर्टिकल आपके बड़े काम आ सकता है। इन टिप्स क मदद से आप आसानी से खूबसूरत त्वचा, होंठ और शाइनी बाल पा सकते हैं। ये खास टिप्स कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट और हेयर लॉस स्पेशलिस्ट डॉ. आमना एडेल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो के जरिए शेयर की है।
होंठों का ख्याल
डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं कि अगर ड्राई या फटें होंठों से परेशान हैं तो हफ्ते में एक से दो बार ग्लाइकोलिक एसिड, हायलूरोनिक एसिड और एक गाढ़े मॉइस्चराइज़र का इस्तेमाल करें। इसे लगाने के लिए सबसे पहले एक कॉटन पैड पर थोड़ा सा ग्लाइकोलिक एसिड लें और होंठों पर रगड़ते हुए पोंछ लें। बाद में हायलूरोनिक एसिड की कुछ बूंदें अपने होंठों पर लगाएं और आखिर में एक गाढ़ा मॉइस्चराइज़र लगाते हुए होंठों की मसाज कर लें। ये तरीका आपको होंठों को हाइड्रेटेड रखेगा और सॉफ्ट भी।
स्किन का ख्याल
डॉ. एडेल स्किन की देखभाल के लिए ओवरनाइट कोलेजन मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह देती हैं। पूरी रात स्किन पर कोलेजन मास्क लगाकर रखें। इससे त्वचा अंदर से हाइड्रेट होगी और सॉफ्ट और ग्लोइंग स्किन मिलेगी। साथ ही आप रात के समय हाइड्रेटिंग मॉइस्चराइज़र या बैरियर रिपेयर क्रीम से त्वचा को फ्रॉस्टिंग (परत लगाना) कर सकते हैं।
बालों का ख्याल
बालों के ख्याल के लिए एक्सपर्ट एयर ड्राई की जगह ब्लो ड्राई करने सलाह देती हैं। डॉ. के मुताबिक ब्लो ड्राई करने से बाल कम चिपचिपे होते हैं, रूसी की परेशानी नहीं होती है और बाल भी कम टूटते हैं। साथ ही नमी वाली स्कैल्प पर फंगस तेजी से बढ़ती है और नम बाल यीस्ट के बढ़ने के लिए सही वातावरण बनाते हैं, जिससे फंगल इंफेक्शन, दाद या स्कैल्प पर जलन और खुजली की परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए स्कैल्प का ख्याल रखते हुए शैंपू के बाद ब्लो ड्राई करें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
