सर्दी का मौसम आ चुका है, बहुत से लोग इससे खुश हैं और कुछ लोग नहीं भी। ऐसे में ठंड से बचने के लिए लोगों पूरी कोशिश करते हैं कि गर्म कपड़े पहनें। इसी तरह पैरों को ठंड से बचाने के लिए लोग ज्यादातर समय जूते पहनकर रहते हैं, लेकिन कई बार पैरों में बदबू की समस्या बढ़ जाती है।
आपने भी बहुत बार महसूस किया होगा, लेकिन आखिर ऐसा होता क्यों है? दरअसल, जूते के अंदर हवा पास नहीं हो पाती है, जिससे पैरों में बदबू आने लगती है और इसी वजह से जूते उतारने पर कई बार शर्म आ जाती है। अगर आप भी इस तरह की समस्या से गुजर रहे हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए लाभकारी साबित हो सकता है। यहां आपको इस समस्या से निजात पाने के कुछ बेहद आसान तरीके बताए जाएंगे।
गलतियां जो आप अक्सर करते हैं
चाहते हैं कि पैरों से बदबू न आए तो सबसे पहले गीले पैरों में जूते पहनने से बचें और तंग जूतों से भी दूर रहें। हमेशा जूते के अंदर मोजे पहनें, क्योंकि अगर बिना मोजे के जूते पहनते हैं तो पैरों में पसीना आने लगता है, जिससे फिर बदबू की परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। 2 दिन तक एक ही मोजे पहनने से बचें। बदबू की परेशानी से बचे रहने के लिए हर बार साफ धुले हुए मोजे पहनें। ये तरीके पैरों की हाइजीन को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं।
ये आदतें आपके लिए फायदेमंद
अगर इन तरीकों को अपनाने के बाद भी आपके पैरों में बदबू की समस्या बनी रहती है, तो इस स्थिति में नहाने के बाद दिन के बीच में कम से कम एक या दो बार अपने पैर जरूर धोएं। जब भी कहीं से आए तो जूते उतारने के बाद पैरों को जरूर धोएं। इसके लिए एंटी बैक्टीरियल साबुन का इस्तेमाल कर सकते हैं। रात को सोने से पहले कुछ देर पैरों को गर्म पानी में भिगोकर रखें और फिर एड़ियों और उंगलियों के बीच अच्छी तरह सफाई करें। सोने के समय रात को पैरों में कोई अच्छा मॉइस्चराइजर लगा लें। सोते समय पैरों में मोजे न पहनें ताकि उन्हें हवा आती रहे। 2 दिन में एक बार जूतों को जरूर धोएं। अगर ऐसा करना मुश्किल है तो जूतों को कम से कम 2-3 घंटों के लिए धूप में जरूर रखें। ये छोटी-छोटी चीजें आपके पैरों को बदबू से राहत दिलाने में मददगार हो सकती हैं।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
