कुछ लोगों को सांस लेते हुए सीने में हल्का सा दर्द महसूस होता है। यह समस्या कई कारण से हो सकती है एक्सपर्ट्स की मानें तो मौसम में बदलाव के कारण इंफेक्शन, सर्दी जुकाम और बुखार आदि में व्यक्ति को कफ भी हो सकता है। ऐसे में जब फेफेड़ों में कफ जमा हो जाए तो सांस लेने में भी परेशानी हो सकती है लेकिन, इस लक्षण को कभी भी नजरअंदाज न करें, क्योंकि कई बार यह किसी बड़ी समस्या का संकेत भी हो सकता है ऐसे में आपको यदि लंबे समय तक सांस लेने में दिक्कत हो तो ऐसे में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं कि किन कारणों के चलते सांस लेने में सीने या छाती में दर्द महसूस हो सकता है।
प्लूरिसी
यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें फेफड़ों और छाती की लाइनिन के बीच मौजूद पतली झिल्ली में सूजन आती है। यह आमतौर पर वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन के कारण हो सकता है। जब फेफड़े और छाती की लाइनिन आपस में रगड़ते हैं तो सांस लेने पर दर्द महसूस होता है। यह दर्द खांसते, छींकते, या गहरी सांस लेते समय और भी ज्यादा हो सकता है।

पैनिक अटैक
यह एक मानसिक स्वास्थ्य स्थिति है जिसमें व्यक्ति को अचानक से डर और चिंता होने लगती है। यह अटैक से कुछ समय पहले और बाद में व्यक्ति को छाती में दर्द, सांस लेने में कठिनाई, दिल की धड़कन का तेज होना, पसीना आना और हाथ-पैर ठंडे पड़ना जैसे लक्षण दिख सकते हैं। इसमें व्यक्ति को सीने में होने वाले दर्द को कई बार व्यक्ति हार्ट अटैक भी समझ लेते हैं।
न्यूमोनिया
लंग्स में इंफेक्शन में होने पर आपको निमोनिया भी होता है। यह समस्या वायरस, बैक्टीरिया और फंगस के कारण होती है इसमें व्यक्ति को लंग्स में सूजन और बलगम हो सकती है। यह समस्या होने पर व्यक्ति को सांस लेने में दिक्कत, छाती में दर्द और तेज बुखार भी होता हैं। इस दौरान कुछ लोगों को सांस लेने पर छाती में तेज दर्द और बेचैनी भी महसूस हो सकती है।
पल्मोनरी एम्बोलिज्म
यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें रक्त का थक्का लंग्स यानी फेफड़ों की नसों में फंस जाता है, जिससे फेफड़ों में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। यह स्थिति बेहद गंभीर होती है और इसके कारण सांस लेने में कठिनाई और छाती में तेज दर्द होता है ऐसे में व्यक्ति को तुरंंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

गैस्ट्रोइसोफेगल रिफ्लक्स डिजीज
इसको GERD के रूप में भी जाना जाता है यह एक ऐसी स्थिति है जिसमें पेट का एसिड भोजन नली में आ जाता है इससे छाती में जलन और दर्द भी महसूस होता है। यह दर्द विशेष रूप से लेटने या खाने के बाद बढ़ सकता है इससे सांस लेने में भी दिक्कत हो सकती है और इसे हार्ट अटैक से अलग पहचानना भी मुश्किल हो सकता है।
कॉस्टोकॉन्ड्राइटिस
इसमें छाती की हड्डियों और पसली के जोड़ में सूजन आने से भी सांस लेते समय सीने में दर्द महसूस हो सकता है। सांस लेते समय छाती में दर्द के कई कारण हो सकते हैं, जो हल्के से लेकर गंभीर तक हो सकते हैं ऐसे में यदि सांस लेते समय लगातार दर्द महसूस हो तो इसे अनदेखा न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सही समय पर इलाज से आप किसी भी गंभीर बीमारी से बच सकते हैं।

