महिलाओं को हर महीने एक निश्चित पीरियड्स साइकिल से गुजरना पड़ता है। इस दौरान उनके शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं जो उनके मूड स्विंग्स और पेट में ऐंठन की वजह बनते है हालांकि यह लक्षण सभी महिलाओं के लिए समान नहीं होते लेकिन ज्यादातर महिलाओं को इस तरह की समस्याएं महूसस होती हैं। इस दौरान पीरियड क्रैम्प्स एक आम समस्या मानी जाती है। यह ऐंठन अक्सर असहनीय होती है और ऐसे में महिलाओं की लाइफस्टाइल प्रभावित हो सकती है। ऐसी स्थिति में यह जानना जरूरी है कि हमारे खान-पान की कौन सी आदतें है जो इस दर्द को बढ़ाती हैं। सॉफ्ट ड्रिंक्स जिन्हें कई लोग अपनी डाइट का हिस्सा बना चुके हैं, इन समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। आइए इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं कि कैसे सॉफ्ट ड्रिंक्स पीरियड क्रैम्प्स को बढ़ा सकते हैं।

चीनी की ज्यादा मात्रा

सॉफ्ट ड्रिंक्स में शुगर की भी मात्रा ज्यादा होती है, जो शरीर में ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकती है। यह ब्लड शुगर का उतार-चढ़ाव हार्मोनल असंतुलन को और खराब कर सकती है, इससे पीरियड क्रैम्प्स और भी तेज हो जाते हैं। ज्यादा शुगर का सेवन करने से शरीर में सूजन की संभावना बढ़ती है, जिससे ऐंठन और दर्द बढ़ सकता है।

कैल्शियम के अवशोषण में रुकावट

कुछ सॉफ्ट ड्रिंक्स में फॉस्फोरिक एसिड होता है, जो शरीर में कैल्शियम के अवशोषण को कम कर सकता है। कैल्शियम हड्डियों और मांसपेशियों के लिए जरूरी है, और मासिक धर्म के दौरान कैल्शियम की कमी ऐंठन को और खराब कर सकती है। यदि आप नियमित रूप से सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन करते हैं, तो आपके शरीर में कैल्शियम की कमी हो सकती है, जिससे पीरियड क्रैम्प्स और भी ज्यादा तेज हो सकते हैं।

कैफीन का असर

कुछ सॉफ्ट ड्रिंक्स में कैफीन की मात्रा काफी ज्यादा होती है कैफीन एक स्टिमुलेंट है, जो शरीर में नसों को संकुचित कर सकता है। मासिक धर्म के दौरान यह प्रक्रिया ऐंठन को बढ़ा सकती है, जिससे दर्द और भी तेज हो सकता है। कैफीन ब्लड सर्कुलेशन को भी प्रभावित करता है, जिससे पेट में असहजता और सूजन बढ़ सकती है।

कार्बोनेशन से गैस और सूजन

सॉफ्ट ड्रिंक्स में कार्बन डाइऑक्साइड गैस होती है, जो पेट में गैस और सूजन पैदा कर सकती है। मासिक धर्म के दौरान पहले से ही शरीर में सूजन की प्रवृत्ति होती है और सॉफ्ट ड्रिंक्स इसे और बढ़ा सकते हैं। पेट में गैस की वजह से ऐंठन और दर्द का अनुभव ज्यादा होता है जिससे मासिक धर्म के लक्षण और गंभीर हो जाते हैं।

ऐसे करें अपना बचाव

. हाइड्रेटेड रहना मासिक धर्म के दौरान बहुत जरूरी है। नारियल पानी और सामान्य पानी का सेवन शरीर के इलेक्ट्रोलाइट संतुलन को बनाए रखने में मदद करता है।

. ताजे फलों का रस, खास तौर पर विटामिन-C और पोटैशियम से भरपूर शरीर को प्राकृतिक एनर्जी देता हैऔर पीरियड क्रैम्प्स को कम करने में मददगार होता है।

. मासिक धर्म के दौरान कैफीन युक्त पेय पदार्थों से बचें और इसके स्थान पर आप कैफीन-रहित पेय पदार्थों का सेवन करें।

. पीरियड्स के दौरान ताजे फल, सब्जियां, नट्स और हरी पत्तेदार सब्जियां खाएं इससे आपके शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिलेंगे।

. सॉफ्ट ड्रिंक्स की जगह हर्बल चाय का सेवन करें, जैसे अदरक या कैमोमाइल चाय, जो ऐंठन को कम करने में मदद कर सकती हैं।

इस बात का भी रखें ध्यान

सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन मासिक धर्म के दौरान ऐंठन और दर्द को बढ़ा सकता है इसलिए, इस समय सॉफ्ट ड्रिंक्स से बचें और हाइड्रेशन के लिए स्वस्थ ऑप्शन्स चुनें। सही खानपान और जीवनशैली की मदद से आप पीरियड क्रैम्प्स को नियंत्रित कर सकती हैं और मासिक धर्म के दौरान बेहतर महसूस कर सकती हैं।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *