आजकल का लाइफस्टाइल और अनियमित खान-पान के कारण कई लोगोंं को पेट से जुड़ी समस्याएं बनी ही रहती हैं। दरअसल, अब के समय में लोग अपने-अपने कामों में इतना बिजी रहते हैं कि उनके पास खुद का ख्याल रखने का समय नहीं होता। एक ही जगह पर घंटों तक बैठकर काम करने और सोने-जगने का समय निर्धारित ने होने के कारण लोगों को खट्टी डकार और पेट फूलने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खासकर, गर्मियों के मौसम में यह समस्याएं बढ़ जाती हैं, इनसे छुटकारा पाने के लिए लोग अक्सर सोडा या अन्य चीजों का इस्तेमाल करते हैं जिनका बुरा असर पेट पर पड़ सकता है। पेट से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए आप आयुर्वेदिक उपाय आजमा सकते हैं। इस आर्टिकल के जरिए आपको बताते हैं कि खट्टी डकार और पेट फूलने के कारण और बचाव के आयुर्वेदिक उपाय क्या हैं।
खट्टी डकार और पेट फूलने के कारण
शरीर में पानी की कमी
गर्मियों में ज्यादा पसीना आने के कारण शरीर में से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है जिससे पाचन क्रिया प्रभावित होती है और परिणामस्वरूप खट्टी डकारें और पेट फूलने की समस्या होने लगती है।

तले-भुना खाना
गर्मियों में मसालेदार और तले-भुना खाने का सेवन पेट में एसिडिटी और गैस की समस्या को बढ़ा सकता है।
देर रात खाना
देर रात भारी भोजन करना या ज्यादा मात्रा में भोजन करने से भी पेट में सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
ठंडे फूड्स
गर्मियों में ठंडे पेय पदार्थों का ज्यादा सेवन भी पाचन क्रिया को धीमा कर देता है, जिससे खट्टी डकारें और पेट फूलने की समस्या हो सकती है।
जंक फूड
जंक फूड और तली-भुनी चीजों का ज्यादा सेवन करने के साथ-साथ अनियमित समय पर भोजन करने के कारण भी सबसे ज्यादा खट्टी डकार और पेट फूलने जैसी दिक्कतें होती हैं।

आयुर्वेदिक उपाय
डॉक्टर ने बताया कि खट्टी डकार और पेट फूलने जैसी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए जरूरी है कि आप अपने भोजन का समय निर्धारित करें और रोजाना समय पर भोजन करें। इसके साथ ही भोजन को अच्छे से चबाकर खाएं। कई बार लोग काम करते हुए टीवी देखते हुए या मोबाइल में बात करते हुए खाना खाते हैं जिसके कारण वह भोजन को अच्छे से नहीं चबाते। ऐसे में जरूरी है कि जब आप भोजन करें तो बाकी चीजों पर फोकस न करें। डॉक्टर की सलाह है कि लोगों को अपनी डाइट में फलों की सलाद शामिल करें क्योंकि फ्रूट सलाद हमारी आंतों को खोलती हैं, जिससे गैस और डकार जैसी समस्याएं कम हो सकती हैं।
इस बात का भी रखें ध्यान
इसके साथ ही आप अगर रोजाना गेहूं की रोटियां खाते हैं तो गेहूं के आटे के साथ जौ का आटा मिलाकर रोटियां तैयार करें। इससे ये रोटियां पेट के लिए भारी नहीं होंगी और पेट से जुड़ी समस्याएं भी कम होंगी। गर्मियों में सूखी सब्जी खाने के जगह रसेदार सब्जियां खाएं और खाना खाते समय पानी न पिएं। भोजन से आधा घंटा पहले या आधा घंटा बाद आप पानी पी सकते हैं। गर्मियों में शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसके लिए रोजाना कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। पानी पाचन तंत्र को ठीक से काम करने में मदद करेगा और पेट से जुड़ी समस्याओं को भी कम करने में भी फायदेमंद होगा।

इन उपायों को आजमाकर आपको फायदा होगा लेकिन अगर खट्टी डकार और पेट फूलने की समस्या ज्यादा है तो डॉक्टर से सलाह लें और उचित इलाज फॉलो करें।
