पूरे देश में नवरात्रि की धूम शुरू हो चुकी है। आज नवरात्रि का दूसरा दिन है, नवरात्रि के दिनों में मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए लोग व्रत रखते हैं। हिंदू धर्म की मान्यता के अनुसार, नवरात्रि के 9 दिनों में श्रद्धालु सच्ची आस्था से व्रत रखें तो मां दुर्गा प्रसन्न होकर उनकी सभी मनोकामनाओं को पूरा करती हैं। नवरात्रि के व्रत के दौरान जो लोग व्रत रख रहते हैं वह अक्सर अपनी इच्छानुसार खाना खा लेते हैं। इसके अलावा नवरात्रि के व्रत रखने वाले कुछ लोग दिन में एक बार या फिर दो बार खाते हैं। वहीं कुछ लोग पूरे दिन में थोड़ा-थोड़ा करके फलाहार करते रहते हैं लेकिन नवरात्रि के व्रत में कब और कितनी बार खाना चाहिए इसकी जानकारी किसी को नहीं है। नवरात्रि का शुभ मौका है और इस दौरान कई लोगों ने व्रत भी रखे हैं इसलिए आपको इस आर्टिकल के जरिए बताते हैं नवरात्रि के व्रत में कितना और कैसे खाना चाहिए। आइए जानते हैं।
नवरात्रि के व्रत में कब और कितनी बार खाना चाहिए?
डाइटिशियन के अनुसार, नवरात्रि के व्रत में जो लोग 9 दिनों का व्रत रखते हैं, उन्हें शारीरिक कमजोरी न हो इसके लिए भोजन में काजू, बादाम, किशमिश, दही और मौसमी फलों को शामिल करना चाहिए। एक्सपर्ट का कहना है कि जब लोग 9 दिन तक लगातार व्रत रखते हैं तब सेहत के लिहाज से फलाहार को भी रोजाना के खाने की तरह बांटना चाहिए। व्रत के दौरान फलाहार को आप 2 से 3 हिस्सों में अपने शरीर की जरूरत के अनुसार बांट सकते हैं।

जैसे- सुबह की पूजा के बाद आप नाश्ते में नट्स और ड्राई फ्रूट्स के साथ दूध ले सकते हैं। नाश्ते में नट्स और दूध का सेवन करने से शरीर को पूरा दिन काम करने की एनर्जी मिलती है। वहीं जब बात लंच की आती है तो व्रत रखने वाले लोग मौसमी फल, छाछ, जूस या कोई भी अन्य ड्रिंक ले सकते हैं। इसके बाद रात में आप कुछ भी हल्का खा सकते हैं।
दिन में एक बार खाना है नुकसानदायक
नवरात्रि के दौरान जो लोग दिनभर व्रत रखते हैं और फिर शाम को खाते हैं यह चीज सेहत के लिहाज से बहुत नुकसानदायक साबित हो सकती है। लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद अचानक तला हुआ, फल और नट्स जैसी चीजों का सेवन करने से पेट में दर्द, कब्ज और पाचन संबंधी अन्य समस्याएं हो सकती हैं इसलिए व्रत में दिन में एक बार खाने की जगह 2 से 3 बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाएं।
नवरात्रि के व्रत में न खाएं ये चीजें
नवरात्रि के व्रत में सेहत न बिगड़े इसके लिए बहुत ज्यादा आलू, फ्राइड चीजें या मिठाइयों का सेवन करने से बचें। व्रत के दौरान फ्राइड और मिठाई का सेवन करने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

