आज के समय में मोटापा बहुत बड़ी समस्या बन चुका है हर व्यक्ति अपने बढ़ते वजन से परेशान है। मोटापा यानी कई तरह की बीमारियों को न्यौता देना। मोटापे के कारण डायबिटीज, थायराइड जैसी कई मेडिकल कंडीशन जन्म लेने लगती हैं। कुछ लोग मोटापे से निपटने के लिए कई तरह की तरकीबे अपनाते हैं जैसे रेगुलर एक्सरसाइज करते हैं, डाइट प्लान फॉलो करते हैं और विशेष किस्म की लाइफस्टाइल पर स्टिक रहते हैं। कई बार इतनी मेहतन करने के बावजूद कुछ लोगों के लिए वजन कम करना खासकर कमर की चर्बी कम करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में सवाल है ऐसा क्यों होता है? इसके पीछे सिर्फ खराब खानपान की आदतें या बुरी लाइफस्टाइल ही नहीं है। कई बार आपकी कुछ बुरी अजीब आदतें भी कमर की चर्बी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। तो चलिए इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं कि यह आदतें कौन-कौन सी हैं।
डाइट सोडा
कुछ लोगों को सोडा पीना बहुत अच्छा लगता है लेकिन इस तरह की चीजों में काफी ज्यादा मात्रा में शुगर होती है। शुगर युक्त कोई भी ड्रिंक या खाद्य पदार्थ मोटापे को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होती हैं। इससे कमर की चर्बी को भी कम करने में मुश्किल आती है। दरअसल, सोडा में सिर्फ शुगर नहीं होती है बल्कि आर्टिफिशियल शुगर का प्रयोग भी किया जाता है। अगर आप कमर की चर्बी को कम करना चाहते हैं तो बेहतर है कि डाइट से सोडा बाहर निकाल दें।

ट्रैवल करना
शायद आपको यह बात जानकर हैरानी हो कि ट्रैवलिंग के कारण भी आपका वजन बढ़ सकता है। असल में, ट्रैवल करने के दौरान लोग अक्सर बस मेट्रो या ट्रेन में बैठे रहते हैं। इस दौरान किसी तरह की एक्टिविटी नहीं होती। अगर आप अक्सर ऐसे सफर में रहते हैं, जहां आपको घंटों बस या मेट्रो में बैठे-बैठे गुजारना पड़ता है तो इससे मोटापा बढ़ सकता है। इसलिए कोशिश करें कि अपनी इस आदत में कुछ सुधार करें। ट्रैवल के दौरान घंटों बैठने की जगह बस या मेट्रो के अंदर ही चहल-कदमी करें।
तनाव में रहना
मोटापे का एक मुख्य कारण तनाव भी होता है। वैसे तो तनाव लेना किसी की आदत नहीं होती है। लेकिन, विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ लोग बहुत ज्यादा ओवर थिंकिंग करते हैं। यह उनकी आदत बन जाती है। इस तरह की कंडीशन में लोगों के मन में तनाव बढ़ जाता है, जो उनमें मोटापा बढ़ा देता है। दरअसल, तनाव लेने के कारण ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है, जिससे इंसुलिन लेवल प्रभावित होने लगता है। ऐसी कंडीशन में लोगों को कुछ न कुछ खाने की क्रेविंग होने लगती है, जो कि कमर की चर्बी बढ़ाने का कारण बनती हैं।

अच्छी नींद न ले पाना
आजकल रात को जगना और दिन को सोना। ज्यादातर कामकाजी लोगों का यही वर्क कल्चर हो गया है जबकि, इस तरह की लाइफस्टाइल को अपनाना बिल्कुल सही नहीं है। ध्यान रखें कि जो लोग रात को जगते हैं वे अक्सर रात को मंचिंग या स्नैकिंग करने लगते हैं। खासकर चिप्स या फ्राइज एंज्वॉय करते हैं। इससे नींद भी रुकती है। जब आप अच्छी नींद नहीं लेते हैं तो हार्मोन में भी बदलाव होने लगते हैं। ये सभी कारक कमर की चर्बी को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।
बिंज वॉचिंग करना
आजकल एंटरटेनमेंट का एक बहुत बड़ा जरिया फोन हो गया है। लोगों के फोन में कई तरह के सोशल प्लैटफॉर्म्स डाउनलोड हैं इन सभी प्लैटफॉर्म्स में मनचाही वीडियोज, एपिसोड, वेबसीरीज सब देखने को मिलती हैं। लोग आजकल फोन या टीवी में घंटों बिंज वॉचिंग करते हैं। इसके लिए एक ही जगह पर बैठे रहते हैं। जाहिर है एक ही जगह बैठे रहना और किसी तरह की फिजिकल एक्टिविटी न करना यह सारी चीजें भी कमर की चर्बी को बढ़ावा देती हैं।

