अगर आप भी कोल्ड ड्रिंक के शौकिन हैं, तो अब हो जाइए सतर्क। दरअसल, हाल ही में वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी द्वारा किए गए एक स्टडी में यह सामने आया है कि शुगरी ड्रिंक्स (जैसे सॉफ्ट ड्रिंक्स) का नियमित रूप से सेवन करने से मुंह के कैंसर (ओरल कैंसर) का खतरा पांच गुना तक बढ़ सकता है। यह चेतावनी खासतौर पर महिलाओं के लिए है, क्योंकि स्टडी में पाया गया कि जिन महिलाओं में मुंह के कैंसर का सामान्य जोखिम नहीं था, उनके लिए शुगरी ड्रिंक्स का सेवन इस खतरनाक बीमारी का कारण बन सकता है। यह स्टडी जामा ओटोलैरींगोलॉजी-हेड एंड नेक सर्जरी जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
युवाओं में तेजी से बढ़ रहा खतरा
पारंपरिक रूप से मुंह के कैंसर के मामले मुख्य रूप से वृद्ध पुरुषों में देखे जाते थे, जो तंबाकू, शराब या सुपारी का सेवन करते थे। लेकिन अब स्थिति बदल रही है। पश्चिमी देशों में जहां धूम्रपान के मामले कम हो गए हैं, वहीं शुगरी ड्रिंक्स और अन्य मीठे पेय पदार्थों का सेवन बढ़ने से कैंसर के नए मामले सामने आ रहे हैं, खासकर युवा महिलाओं में। 2020 में दुनिया भर में 3,55,000 से अधिक नए ओरल कैंसर के मामले सामने आए, जिनमें से 1,77,000 लोगों की मृत्यु हो गई।
शुगरी ड्रिंक्स और कैंसर संबंध
अब तक शुगरी ड्रिंक्स का संबंध पेट और आंतों के कैंसर से जोड़ा गया था, लेकिन इस स्टडी ने यह साबित किया कि इनका सिर और गले के कैंसर से भी संबंध है। खासतौर पर युवा महिलाओं में यह खतरा अधिक बढ़ता है। स्टडी में यह भी पाया गया कि इस वृद्धि का संबंध एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) संक्रमण से नहीं है, जो यौन संपर्क से फैलता है।
शोधकर्ता की राय
वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन की सहायक प्रोफेसर डॉ. ब्रिटनी बार्बर का कहना है, ओरल कैंसर ब्रेस्ट कैंसर या आंत के कैंसर की तुलना में कम सामान्य है, लेकिन गैर-धूम्रपान और गैर-शराब पीने वाली महिलाओं में इसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
बचाव के उपाय
शोधकर्ताओं का सुझाव है कि शुगरी ड्रिंक्स का सेवन कम किया जाए और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाई जाए। इसके अलावा नियमित रूप से मुंह की जांच कराना चाहिए, खासकर अगर कोई असामान्य लक्षण महसूस हों। बैलेंस्ड डाइट और स्वस्थ जीवनशैली ओरल कैंसर से बचाव में मदद कर सकती है।
इसलिए शुगरी ड्रिंक्स से परहेज करना और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतना मुंह के कैंसर के खतरे को कम करने का एक प्रभावी तरीका हो सकता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
