दुनियाभर में कुछ ऐसे काम होते हैं, जिन्हें हम दूसरों के लिए तो कर सकते हैं, लेकिन खुद पर करना बहुत मुश्किल होता है। उदाहरण के तौर पर, एक डॉक्टर अपनी सर्जरी खुद नहीं कर सकता, लेकिन ताइवान में एक डॉक्टर ने ऐसा करके दिखाया है। ताइपे शहर में रहने वाले चेन वी नॉन्ग, जो एक प्लास्टिक सर्जन हैं, ने खुद ही अपनी नसबंदी कर डाली। हैरानी की बात यह है कि नॉन्ग ने इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ताकि लोग नसबंदी के बारे में और जान सकें।
खुद से ही कर ली नसबंदी
ऑडिटी सेंट्रल की रिपोर्ट के अनुसार नॉन्ग की पत्नी को और बच्चे नहीं चाहिए थे, और इसलिए नॉन्ग ने अपने परिवार की इच्छा को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया। नॉन्ग के तीन बच्चे हैं, और वह खुद ही इस सर्जरी को करने का फैसला किया। इस ऑपरेशन के दौरान नॉन्ग ने अपने शरीर पर लोकल एनेस्थीसिया का इस्तेमाल किया, ताकि सर्जरी के दर्द को सहन किया जा सके।
1 घंटे में निपटाई सर्जरी
नॉन्ग ने इस सर्जरी को 11 स्टेप्स में पूरा किया। यह प्रक्रिया जितनी जटिल थी, उतनी ही खास भी थी। नॉन्ग ने इसे पूरे एक घंटे में निपटाया, जबकि इस ऑपरेशन को सामान्यत: 15 मिनट में पूरा किया जाता है। इसके बाद उन्होंने अपने ऑपरेशन को फेसबुक पर पोस्ट किया, ताकि लोग इस प्रक्रिया के बारे में जान सकें। नॉन्ग ने कहा कि महिलाओं के लिए यह प्रक्रिया थोड़ी जटिल होती है, लेकिन पुरुषों के लिए यह अपेक्षाकृत आसान है।
कानूनी पचड़े से बचे नॉन्ग
नॉन्ग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अब तक इस वीडियो को 40 लाख से अधिक लोग देख चुके हैं। नॉन्ग के इस कदम पर मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग उनकी पत्नी के प्रति प्रेम की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस पर चिंता जता रहे हैं कि यह असुरक्षित हो सकता था। हालांकि नॉन्ग को कानूनी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा क्योंकि वह एक लाइसेंस प्राप्त डॉक्टर हैं, और इस सर्जरी को करने का उन्हें कानूनी अधिकार है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
