सर्दी का मौसम आते ही लोगों का झुकाव रजाई और कंबल की ओर बढ़ने लगता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ खास योगासन शरीर को भीतर से गर्म करने का काम कर सकते हैं? जी हां, योग की मदद से आप ठंड को मात दे सकते हैं और अपने शरीर को ताजगी से भर सकते हैं। ये योगासनों न केवल शरीर को गर्म करते हैं, बल्कि मांसपेशियों को लचीला और रक्त संचार को बेहतर बनाते हैं। नियमित योगाभ्यास से मानसिक शांति भी मिलती है, जिससे पूरे दिन की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। आइए जानते हैं सर्दियों में शरीर को गर्म रखने के लिए कौन से योगासन फायदेमंद हो सकते हैं।
हस्त उत्तानासन (Raised Arms Pose)

हस्त उत्तानासन शरीर को गर्म रखने और रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाने में मदद करता है। इसके लिए प्रणामासन की स्थिति में खड़े होकर दोनों हाथों को सिर के ऊपर उठाएं। सिर, गर्दन और ऊपरी पीठ को हल्का पीछे की ओर झुकाएं। आंखों को आसमान की ओर केंद्रित करें और कुछ देर तक इस स्थिति में रहें। यह आसन 5 से 6 बार करें, जिससे शरीर में गर्मी का संचार होगा।
पादहस्तासन (Standing Forward Bend Pose)

यह आसन शरीर को सक्रिय बनाता है और रक्त संचार को बेहतर करता है। हस्त उत्तानासन की स्थिति से धीरे-धीरे शरीर को आगे की ओर झुकाएं और नाक को घुटनों के पास लाने की कोशिश करें। हाथों को पैरों के पास जमीन पर रखें। शुरुआत में घुटनों को मोड़ सकते हैं, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें सीधा करने का अभ्यास करें। यह आसन शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है और ठंड से राहत देता है।
उष्ट्रासन (Camel Pose)

उष्ट्रासन छाती और कंधों को खोलता है, जिससे शरीर में गर्माहट का अनुभव होता है। इसे करने के लिए योगा मैट पर घुटनों के बल बैठें और हाथों को कूल्हों पर रखें। अब अपनी पीठ को पीछे की ओर झुकाएं और हाथों को पैरों पर रखें। इस स्थिति में कुछ देर के लिए सांस लें और फिर धीरे-धीरे वापस आएं। यह आसन सर्दी में शरीर को गर्म रखने में बेहद प्रभावी है।
हलासन (Plough Pose)

हलासन शरीर को शांत करने और ऊर्जा बढ़ाने के लिए किया जाता है। इसके लिए पीठ के बल लेटकर दोनों पैरों को 90 डिग्री तक उठाएं। अब पैरों को सिर के पीछे की ओर ले जाएं और पंजों को जमीन से स्पर्श करने की कोशिश करें। कुछ समय इस स्थिति में रहें और फिर धीरे-धीरे वापस आएं। यह आसन शरीर को लचीला और सक्रिय बनाए रखता है।
भुजंगासन (Cobra Pose)

भुजंगासन पीठ को मजबूत करने के साथ-साथ शरीर को गर्म रखने में मदद करता है। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेटें और हाथों को कंधों के नीचे रखें। सांस भरते हुए सिर, कंधे और छाती को ऊपर उठाएं। कंधों को चौड़ा रखें और नाभि को जमीन पर स्थिर रखें। यह आसन पीठ की मांसपेशियों को मजबूत करता है और शरीर को गर्म बनाए रखता है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
