ये आपने अक्सर सुना होगा कि शादी दो परिवारों का मिलन होता है, जो बात भी ठीक है। जब शादी होती है तो दो परिवार जुड़ते हैं और रिश्तेदार बनते हैं। हर लड़की ये चाहती है कि जिस तरह वे अपने पति के परिवार वालों या उनके दोस्तों को सम्मान देती है, वैसे ही उसका पति भी उसके परिवार वालों और उसके दोस्तों को दे। आज के समय में लोग इस बात को समझते हैं, लेकिन फिर भी कुछ लोग ऐसे हैं जो पत्नी के परिवार वालों से ज़्यादा घुलना-मिलना पसंद नहीं करते हैं। वे सिर्फ उनके सामने खुश होने का नाटक करते हैं, पर दिल से वे पत्नी के परिवार को अपना नहीं मानते। ऐसे में आप भी पता लगाएं यहां दी गई इ टिप्स से ताकि आप इस स्थिती को ठीक कर सके।
परिवार से बातचीत पर ठंडा रिएक्शन
जब आप रिश्ते को ठीक करने की कोशिश करेंगी और अपने परिवार वालों के साथ उन्हें मेलजोल बढ़ाने का आग्रह करेंगी तो उनका रिऐक्शन बेहद ठंडा रहेगा। वे एकदम निष्क्रिय अंदाज़ में रिऐक्ट करेंगे। मान लें कि आपके पिता उनसे बातचीत कर रहे हैं तो वे बेहद रूखे-सूखे अंदाज़ में बातचीत करेंगे, जितने ज़रूरी शब्द चाहिए उतना ही बोलेंगे। तो यहां से आप पता लगा सकते हैं कि वो कितना आपके घर वालों को पसंद करते हैं।
परिवार वालों की आलोचना करते रहना
वैसे तो उन्हें आपके परिवार में कोई ज्यादा दिलचस्पी नहीं है, लेकिन जैसे ही आपके परिवार की बुराई या आलोचना करने का मौक़ा आएगा तो वे पीछे नहीं हटेंगे। वे आपके परिवार वालों की बुराई करेंगे और समझाएंगे कि क्यों उनसे दूर रहना चाहिए। अगर कभी आप किसी बात को लेकर अपने परिवार से गुस्सा है तो वे आग में घी डालने का काम करेंगे।
उनके साथ आपकी नज़दीकी पसंद नहीं
जब कभी आप अपने परिवार वालों के साथ या पुराने दोस्तों के साथ समय व्यतीत करती हैं तो उन्हें पसंद नहीं आता। आप चाहे इसे उनकी असुरक्षा की भावना कह लें या बचकाना व अपरिपक्व व्यवहार। उनके चेहरे से साफ पता चल जाता है कि उन्हें ये अच्छा नहीं लग रहा। कई बार वे हावभाव या चेहरे के एक्सप्रेशन से पता न लगने दें, लेकिन जैसे ही आप अपने परिवार और दोस्तों के बारे में बात करना शुरू करेंगी वे बोर होने का नाटक करेंगे।
आपको भी मिलने से रोकना
वे खुद तो आपके परिवार वालों को पसंद नहीं करते और साथ ही ये भी कोशिश करते हैं कि आप भी उन लोगों से ज़्यादा न मिलें। जब कभी मायके जाने या परिवार के किसी फ़ंक्शन्स में जाने की इच्छा ज़ाहिर करेंगी तो वे तिल का ताड़ बना देंगे। ऐसे में वे प्यार से समझाएंगे, लेकिन अगर फिर भी बात नहीं बनेगी तो वे मौखिक हिंसा और लड़ाई-झगड़े पर भी उतर सकते हैं। तो ऐसे में अगर ये संकेत आपको उनमें नजर आते हैं तो आपको तुरंत कुछ करना चाहिए।
