बालों की देखभाल के लिए हेयर प्रोडक्ट्स तो यूज किए जाते हैं, साथ ही सैलून जाकर भी कई तरह के हेयर ट्रीटमेंट भी करवाए जाते हैं। लेकिन आपको ये भी बता दें कि बालों की देखभाल के लिए छोटी-छोटी बातों का भी ध्यान रखना जरूरी है। जैसे कि बालों के लिए हेयर ब्रश या कंघी का इस्तेमाल। क्या आपको पता है कि अपनी कंघी या हेयर ब्रश को कितने दिनों में धोने की जरूरत है या एक ही कंघी का इस्तेमाल आपको कितने लंबे समय तक करना चाहिए। अगर नहीं तो ये आर्टिकल आपकी मदद कर सकता है।
कंघी क्यों बदलनी चाहिए?
ये तो आप जानते ही होंगे कि हेयर वॉश करने के बाद आपके बाल 2 से 3 दिनों तक ही साफ रह पाते हैं। इसके बाद स्कैल्प पर ऑयल और धूल-मिट्टी आदि जमनी शुरू हो जाती है। ऐसे में साफ करने और एक बार फिर फ्रैश लुक पाने के लिए हम हर दूसरे या तीसरे दिन बालों को धो लेते हैं। ठीक इसी तरह ऑयली और धूल मिट्टी से भरे बालों पर कंघी का इस्तेमाल करने से इसके ब्रिसल्स के बीच में भी गंदगी जमा होने लगती है। और अगर गंदी कंघी या हेयर ब्रश को स्कैल्प पर लगातार यूज किया जाए तो इंफेक्शन और कई अन्य प्रकार की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे में एक समय बाद कंघी की सफाई करना भी जरूरी है।
कितने दिनों में करें कंघी या हेयर ब्रश की सफाई
बता दें कि कंघी को साफ करने का कोई निर्धारित समय नहीं है, बल्कि आपको इसके ब्रिसल्स पर ध्यान देने की जरूरत है। जब आपको लगे कि कंघी के बीच में गंदगी और बालों के कण फंसे हुए हैं तो तभी साफ कर लें। इसके अलावा आप शैंपू करते समय अपनी कंघी की सफाई भी कर सकते हो।
कितने दिनों में बदलें
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंघी के ब्रिसल्स हल्के खुरदरे या कमजोर नजर आते ही इसे बदल देना चाहिए, क्योंकि ब्रिसल्स कमजोर होने या खुरदरे होने पर कंघी करते समय बाल टूटने लगते हैं या बीच से फटने लगते हैं। इस वजह से हेयर डैमेज बढ़ता है। इससे जलन का एहसास भी हो सकता है। ऐसे में कोशिश करें कि अच्छे और मजबूत हेयर ब्रश ही इस्तेमाल करें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
