डेंगू के मच्छरों के लार्वा अब केवल गमलों और कूलरों में नहीं, बल्कि आपके घर के फ्रिज की पानी की ट्रे में भी पनप रहे हैं। यह चौंकाने वाली जानकारी हाल ही में कई राज्यों से आई रिपोर्टों के आधार पर सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि डेंगू के लार्वा सबसे अधिक 60 प्रतिशत मामलों में फ्रिज की ट्रे में पाए जा रहे हैं। इसके बाद 20 प्रतिशत पानी के ड्रम में, 10 प्रतिशत कूलर में, और अन्य 10 प्रतिशत घर के विभिन्न स्थानों पर पाए गए हैं।
डेंगू के मामले बढ़ रहे हैं
इस वर्ष डेंगू के मामलों में पिछले सालों की तुलना में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली, गुरुग्राम, पुणे, और लखनऊ समेत कई अन्य राज्यों से हर रोज डेंगू के नए मामले रिपोर्ट हो रहे हैं। इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी राज्यों को डेंगू के खिलाफ विशेष सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
फ्रिज में लार्वा का खतरा
विशेषज्ञों का कहना है कि फ्रिज की ट्रे में जमा पानी मच्छरों के लार्वा के लिए एक उपयुक्त स्थान है। यह जानकारी सामने आने के बाद, स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर जाकर डेंगू के लार्वा की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षण के दौरान कई घरों में फ्रिज और कूलर में लार्वा पाए गए हैं।
बचाव के उपाय
साफ पानी जमा न होने दें
घर में कहीं भी पानी जमा न होने दें। फ्रिज और कूलर की ट्रे को हफ्ते में कम से कम एक बार साफ करें और उसमें जमा पानी को बदलें।
नियमित निरीक्षण
समय-समय पर अपने घर के आसपास के स्थानों की जांच करें, जैसे गमले, टंकी, और अन्य पानी इकट्ठा करने वाले स्थान।
मिट्टी का तेल डालें
लार्वा को नष्ट करने के लिए मिट्टी का तेल डालने का भी सुझाव दिया गया है।
बुखार की स्थिति में जांच
यदि घर में किसी को बुखार है, तो उसका ब्लड टेस्ट जरूर करवाएं। स्थिति गंभीर होने पर तुरंत अस्पताल जाएं।
डेंगू के लक्षण
तेज बुखार आना
सिर में दर्द होना
मांसपेशियों में दर्द होना
उल्टी होना
शरीर पर दाने निकलना
