गंगा में डुबकी लगाने के लिए कई लोग जाते हैं लेकिन आपने कभी यह सोचा है कि गंगा में डुबकी लगाने के बाद आप बीमार हो सकते हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा यमुना में डुबकी लगाने के बाद बीमार हो गए हैं। बीजेपी का कहना है कि प्रदूषित यमुना में डुबकी लगाने के बाद उनकी त्वचा पर लाल चकत्ते हो गए हैं। इसके बाद उन्हें खुजली हो रही है और उन्हें सांस लेने में भी तकलीफ हुई है। उन्होंने आरएमल अस्पताल में जाकर इलाज भी करवाया है और अब फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
घोटाले का लगा आरोप
बीजेपी ने वीरेंद्र सचदेवा की तबीयत खराब होने के बाद आम आदमी पार्टी पर घोटाले का आरोप लगा दिया है। दिल्ली बीजेपी ने एक्स पर आप की आलोचना करते हुए लिखा कि – ‘दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज दिल्ली सरकार के 8500 करोड़ रुपए के यमुना सफाई घोटाले को उजागर करते हुए यमुना मईया में डुबकी लगाई और दिल्ली सरकार की गलतियों के लिए क्षमा प्रार्थना की। दोपहर बाद से वीरेन्द्र सचदेवा को त्वचा में लाल रैशेज, खुजली और सांस लेने में हल्की तकलीफ हो रही है। वह अभी RML Hospital गए, जहां उन्हें डाक्टरों ने जांच कर तीन दिन के लिए दवा दी है।’
पोस्ट देखने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें
लोगों के स्वास्थ्य की बात
बता दें कि यमुना में पॉल्यूशन के चलते अक्सर झाग बन जाती हैं इसकी कई तस्वीरें भी वायरल होती हैं। बर्फनुमा सफेद चादर की तस्वीरें अक्सर छठ पूजा के दौरान भी चर्चा में बनी रहती हैं। त्यौहार से पहले मैली होती जा रही यमुना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंद केजरीवाल और सीएम आतिशी को यमुना में डुबकी लगाने की चुनौती दी। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि यमुना का कोई भी घाट साफ नहीं है। यमुना की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। आप नेताओं के पास यमुनाजी तक आने का वक्त नहीं है। उन्होंने कहा कि हम तो उनके लिए रेड कार्पेट बिछाकर भी इंतजार कर रहे थे, लेकिन उनमें सच का सामना करने की ताकत नहीं है। केजरीवाल बताएं कि छठ पर्व में माता-बहनें कहां पूजा करेंगी?

ऐसे में अब सवाल यह भी आता है कि यमुना का किनारा भी लोगों के लिए सुरक्षित नहीं है यदि आप भी यमुना में डूबकी लगाने की सोच रहे हैं तो थोड़ी सावधानी बरतें।
