हर वो इंसान जिसको बहुत ज्यादा हेयर फॉल होता है, उसके मन में एक सवाल आता ही है और यह सवाल है कि क्या मेरे बाल दोबारा से वापिस आ सकते हैं? क्या वो कभी फिर से घने हो पाएंगे? आज आपके इन्हीं सवालों के जवाब बताते हैं। डॉक्टर से समझते हैं कि क्या ज्यादा हेयर लॉस के बाद बाल दोबारा (Hair Fall Stop) से आ सकते हैं? नए बालों की ग्रोथ के लिए क्या करना चाहिए? बालों को दोबारा आने में कितना समय लगता है? और नए बालों को मजबूत बनाने के लिए क्या चीजें खाएं या लगाएं? आइए इस आर्टिकल के जरिए इन सभी बालों के जवाब जानते हैं।
आ सकते हैं बाल वापिस
इस हेयर लॉस के बाद बाल वापस आ सकते हैं। मगर इसके लिए हमें हेयर लॉस की वजह समझनी पड़ेगी। बाल झड़ने की कुछ वजहें ऐसी होती हैं जिनसे परमानेंट हेयर लॉस होता है, इसे सिकाट्रिकियल हेयर लॉस (Cicatricial Hair Loss) कहते हैं, इसमें बालों को वापिस लाना मुश्किल होता है हालांकि, ज्यादातर लोगों में बाल मौसम बदलने, पोषण की कमी और हॉर्मोन्स की वजह से झड़ते हैं। अक्सर ऐसी कोई दिक्कत होने पर बाल वापस आ जाते हैं।

नए बालों की ग्रोथ के लिए क्या करें?
नए बालों की ग्रोथ के लिए उनके झड़ने की जड़ को पकड़ना को जरूरी है। हमें सबसे पहले ये देखना पड़ेगा कि बाल किस वजह से झड़ रहे हैं। इसके लिए कुछ टेस्ट करके बालों की जांच की जाती है। बालों की जड़ों की जांच होती है जिसे ट्राइकोस्कोपी (Trichoscopy) कहते हैं, इससे बालों के झड़ने का कारण पता चल जाता है फिर कारण पता चलने के बाद उसे दूर किया जाता है जैसे यदि किसी व्यक्ति के खान-पान में पोषण की कमी है तो उसे माइक्रोन्यूट्रिएंट्स दिए जाते हैं। अगर हॉर्मोनल इंबैलेंस (Hormonal Imbalance) की वजह से बाल झड़ रहे हैं तो हॉर्मोन्स का बैलेंस बनाने के लिए दवाइयां दी जाती हैं। इन सबसे बाल वापस आने लगते हैं।
बालों को दोबारा आने में लगेगा इतना समय
झड़े हुए बालों को दोबारा आने में थोड़ा समय लगता ही है। किसी भी थेरेपी का रिजल्ट देखने के लिए 3 से 6 महीने का वक्त लगता है। दरअसल, बाल बहुत धीरे-धीरे ग्रो करते हैं, एक महीने में लगभग आधा इंच बाल उगते हैं, वहीं एक साल में 6 इंच तक बाल उग जाते हैं। इसी वजह से थेरेपी का रिजल्ट 6 महीने के बाद ही दिखाई देना शुरू होता है। यदि किसी वजह से आपके बाल झड़ रहे हैं और आपने कोई थेरेपी ली है तो उसको थोड़ा समय दें।
नए बालों को मजबूत बनाने के लिए क्या चीजें खाएं या लगाएं?
बालों को मजबूत बनाने के लिए सबसे पहले अपने खानपान में सुधार करें। बालों की किसी भी थेरेपी के लिए अच्छा पोषण बहुत जरूरी है। अपनी डाइट में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन शामिल करें, प्रोटीन के लिए आप अंडा, पनीर, सोयाबीन और दालें खाएं। बालों की ग्रोथ के लिए माइक्रोन्यूट्रिएंट्स और विटामिन्स की जरूरत भी होती है। ये आपको ताजे फलों और हरी सब्जियों से आसानी से मिल जाएंगे। अपनी डाइट में इन चीजों को ज्यादा से ज्यादा शामिल करें।

साथ ही, किसी भी केमिकल से खुद को बचाकर रखें। हेयर कलर्स, हेयर स्ट्रेटनर्स, हेयर स्ट्रेटनिंग स्प्रे और जेल्स का बहुत ज्यादा इस्तेमाल न करें। वहीं कुछ सिरम भी आते हैं जिनसे बालों की ग्रोथ बढ़ती है, बालों के झड़ने का कारण देखते हुए ये आपको लगाने के लिए दिए जा सकते हैं।
यदि अगर आप इन टिप्स को सही तरीके से फॉलो करेंगे तो आपके बाल जरुर वापस आ सकेंगे।
