डायबिटीज के मरीजों को अपने खानपान का खास ख्याल रखना पड़ता है। इस गंभीर समस्या के साथ फिट और हेल्दी रहने के लिए डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट हेल्दी लाइफस्टाइल मेंटेन करने के साथ ही डाइट में फलों और सब्जियों को शामिल करने की सलाह देते हैं लेकिन कई बार डायबिटीज से जूझ रहे लोग फलों को डाइट में शामिल करने की जगह फल के रस यानी फ्रूट जूस का सेवन करना शुरू कर देते हैं, जिसका सेहत पर बुरा असर भी हो सकता है। ऐसे में इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं कि डायबिटीज के मरीजों के लिए फलों का जूस पीने के फायदे-नुकसान क्या हैं।
क्या डायबिटीज के मरीजों को फलों का जूस पीना चाहिए?
एक्सपर्ट्स के अनुसार, डायबिटीज रोगियों के लिए फलों के जूस का सेवन नुकसानदायक हो सकता है। उनके अनुसार, एक गिलास जूस को निकालने के लिए 5 से 6 संतरों का इस्तेमाल करें, वहीं जब हम संतरे खाते हैं तो सिर्फ 2 या 3 संतरों में ही पेट भरने लगता है ऐसा इसलिए, क्योंकि जब हम संतरे खाते हैं तो जूस के साथ फाइबर भी शरीर में जाता है। ऐसे में जब आप फलों के 1 गिलास जूस का एक बार में सेवन करते हैं तो अचानक शरीर में शुगर की मात्रा पहुंचती है, जिससे ब्लड शुगर लेवल भी बिगड़ता है। डॉक्टर ने कहा कि कई मरीज उनके पास ऐसे भी आते हैं जिनका कहना होता है कि वो जब फलों का जूस निकालते हैं तो इसमें स्वाद बढ़ाने के लिए किसी भी तरह की शुगर का इस्तेमाल नहीं करते हैं तो क्या फिर भी फ्रूट जूस नुकसान कर सकता है? इसके जवाब में डॉक्टर ने कहा कि फलों के अंदर खुद की नेचुरल शुगर होती है, ऐसे में जब आप फलों का रस निकालते हैं तो इससे फाइबर अलग हो जाता है और रस में पूरी शुगर रहती है। ऐसे जूस का सेवन न सिर्फ डायबिटीज रोगियों के लिए ही नहीं बल्कि हेल्दी लोगों के लिए भी नुकसानदायक साबित हो सकता है।

डायबिटीज में ऐसे करें फलों का सेवन
. डायबिटीज के मरीजों के लिए फलों का सेवन फायदेमंद रहेगा लेकिन एक साथ ज्यादा फल न खाएं।
. कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फलों को डाइट में शामिल करें जैसे कि सेब, नारंगी, अनार, जामुन, अमरूद, तरबूज, ककड़ी और खीरा आदि। ये सभी फल डायबिटिक लोगों के लिए फायदेमंद रहेंगे।
. फलों को छीलकर खाने के जगह छिलकों के साथ ही खाएं। सेब, अमरूद और खीरा आदि के छिलकों में कई तरह के जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आपको फायदा पहुंचाएंगे।

. कुछ फल जैसे की केला, चीकू आदि के सेवन में मात्रा का ध्यान रखें। ऐसा इसलिए, क्योंकि इनका सेवन करने से आपके शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है।
डायबिटीज के मरीजों को फलों के जूस का सेवन करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरुर लेनी चाहिए। डायबिटीज के मरीज को नियमित अंतराल पर शरीर में ब्लड शुगर लेवल की जांच करानी चाहिए और डॉक्टर की सलाह पर खानपान में उचित बदलाव भी करने चाहिए।
