हमेशा से हम सुनते आ रहे हैं कि अगर किसी इन्सान की मौत हो जाती है तो वो लौट के नही आते हैं। लेकिन वहीं हम ऐसे कई मामलों के बारे में भी सुनते हैं, जिसमें इन्सान को मृत घोषित करने के कुछ समय बाद ही वो दोबारा जिन्दा हो जाता है। हालंकि ये बात काफी हैरान करने वाली है, लेकिन यह सच है। दरअसल हाल ही में एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला बिहारशरीफ के सदर अस्पताल से सामने आया है, जहां डॉक्टरों और पुलिस ने एक शख्स को मृत मान लिया था, लेकिन वह अचानक जिंदा होकर खड़ा हो गया। यह घटना सोमवार की है, जब सफाईकर्मी ने अस्पताल प्रशासन को सूचना दी कि पहली मंजिल पर स्थित शौचालय का दरवाजा सुबह से बंद है।
पोस्टमार्टम के लिए शव को भेजने की तैयारी
पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर गई। वहां फर्श पर एक युवक बेहोश पड़ा था। पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने उसकी नब्ज जांची, लेकिन उन्हें कोई हलचल महसूस नहीं हुई। इसके बाद उसे मृत मान लिया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जाने लगी। धीरे-धीरे यह खबर पूरे अस्पताल में फैल गई और एफएसएल टीम का इंतजार होने लगा।
सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह को भी इस घटना की जानकारी दी गई। जब उन्होंने युवक को देखा, तो सफाईकर्मी को तुरंत उसे पोस्टमार्टम हाउस ले जाने का आदेश दिया। इसी बीच, जब युवक के कानों में यह बात पहुंची कि उसे मरा हुआ समझा जा रहा है, वह अचानक उठकर खड़ा हो गया। इस नजारे ने सभी को हैरान कर दिया।
वहीं शख्स की पहचान राकेश कुमार के रूप में की गयी है, जो अस्थावां थाना क्षेत्र के जिराइन गांव का रहने वाला है। बता दें कि वह अस्पताल में दवा लेने आया था, लेकिन नशे की हालत में शौचालय में बेहोश हो गया था।
