प्रेग्नेंसी हर महिला के लिए बहुत ही खास पल होता है। इस दौरान वह जो भी खाती हैं उसका सीधा असर बच्चे पर होता है ऐसे में उन्हें अपनी डाइट का ध्यान रखना पड़ता है। वहीं प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर में कई तरह के बदलाव भी आते हैं जिसके कारण उनका स्वास्थ्य प्रभावित होता है। इसके अलावा प्रेग्नेंसी में कुछ महिलाओं का वजन बहुत कम हो जाता है। ऐसे में यदि आपका भी गर्भवस्था के दौरान वजन कम हो रहा है तो आप एबीसी जूस का सेवन कर सकती हैं। एबीसी जूस का सेवन करने से आपके शरीर को कई तरह के फायदे होंगे। आइए जानते हैं इसके बारे में।
ये है एबीसी जूस
एक्सपर्ट्स का कहना है कि एबीसी जूस एप्पल (सेब), बीटरुट (चुकंदर) और कैरेट (गाजर) से बनाया जाता है। यह तीनों ही सूपरफूड होते हैं जो कई सारे पोषक तत्वों से भरपूर होते है।
सेब में विटामिन-ए, बी1, बी2, बी6, सी, ई, के और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं। इसका सेवन करने से पाचन संबंधी परेशानियों को रोकने और हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।

चुकंदर में फोलेट, मैंग्नीज, पोटेशियम, आयरन और विटामिन-सी जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसका सेवन करने से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में भी मदद मिलती है।
गाजर में बीटा-कैरोटीन, फाइबर, विटामिन-के1, पौटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है। यह आंखों के स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है।
जूस पीने के फायदे
गर्भवस्था में एबीसी जूस का सेवन करने से मां और गर्भ में पलने वाले शिशु दोनों को ही फायदा मिलता है।
तनाव होगा कम
गर्भवस्था के दौरान अक्सर महिलाओं में मानसिक तनाव रहता है। ऐसे में एबीसी जूस आपके स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। डॉक्टर्स की मानें तो एबीसी जूस में विटामिन-ई और बीटा-कैरोटीन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो आपके शरीर को खतरनाक मुक्त कणों से बचाने में मदद कर सकते हैं। यह कण ऑक्सीडेटिव तनाव का कारण बनते हैं।
शारीरिक सूजन होगी कम
इस जूस में पाए जाने वाले विटामिन-सी और बीटा-कैरोटीन शरीर का डिटॉक्सीफिकेशन करके शारीरिक सूजन को कम करने में मदद करते हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान एबीसी जूस का सेवन करने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकलते हैं इससे स्किन की रंगत को निखारने में भी मदद मिलती है। सेब और चुकंदर में विटामिन-सी, ए और फाइबर पाया जाता है वहीं चुकंदर में फोलेट भरपूर मात्रा में मौजूद होता है जो भ्रूण के विकास के लिए आवश्यक माने जाते हैं। गाजर में बीटा-कैरोटीन मौजूद होता है जो भ्रूण के हृदय, गुर्दे और आंखों के विकास में मदद करता है।
इम्यूनिटी बनेगी मजबूत
प्रेग्नेंसी के दौरान हार्मोनल बदलावों के कारण महिला की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। इसके कारण संक्रमण और मौसमी बीमारियां महिलाओं को जल्दी घेरती हैं। न्यूट्रिशनिस्ट की मानें तो प्रेग्नेंसी में एबीसी जूस का सेवन करने से इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद मिलती है जिससे बीमारियों का खतरा कम होता है। इसके अलावा एबीसी जूस प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाली मॉर्निंग सिकनेस को रोकने में भी यह मददगार है।

खून की कमी होगी पूरी
एबीसी जूस में पाया जाने वाला आयरन प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं के शरीर में होने वाली खून की कमी पूरी करता है। इस जूस में जिंक, कॉपर, फॉलेट, पौटेशियम, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और मैंग्नीज मौजूद होता है जो खून बढ़ाने में मदद करता है।
प्रेग्नेंसी में जूस पीते हुए बरतें ये सावधानियां
एक्सपर्ट्स की मानें तो एबीसी जूस प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए बेहद फायदेमंद होता है लेकिन इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। जिन गर्भवती महिलाओं को डायबिटीज, प्री-डायबिटीज और थायराइड की समस्या है उन्हें इस जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। प्रेग्नेंसी में रोज 1 गिलास यानी की 200 मिली एबीसी जूस का सेवन करना फायदेमंद होता है।

