एक हेल्दी लाइफस्टाइल जीने के लिए हमारे जीवन में साफ-सफाई का होना बहुत जरूरी है। खासतौर पर हाथों का साफ-सुथरा होना बेहद जरूरी है। वहीं हाथों को साफ रखना कितना जरूरी है ये हमने कोरोना काल में ही सीख लिया है। दरअसल हाथों की हाइजीन को मेंटेन करने से कई तरह के इन्फेक्शन और बीमारियों से बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को इसके बारे में जागरुक करने के लिए हर साल 5 मई को वर्ल्ड हैंड हाइजीन डे मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का मेंन मोटिव लोगों को हाथों की स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है ताकि बीमारियों के संक्रमण को रोका जा सके।
हालांकि हर साल विश्व सस्थ्य संगठन (WHO) “जीवन बचाएं: अपने हाथ साफ़ करें” अभियान को बढ़ावा देता है। 2009 में शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य विश्व स्तर पर हाथ की स्वच्छता के समर्थन में ‘लोगों को एक साथ लाना’ है। इस मौके पर आइए जालंधर कैंट के कक्कड़ हैल्थ केयर सेंटर के डॉ विपुल कक्कड़ से इस दिवस के साल 2024 के थीम के बारे में जानते हैं साथ ही जानेंगे कि हाथों को किस तरह से साफ रखा जा सकता है।
क्या है इस साल की थीम
डॉ विपुल कक्कड़ बताते हैं कि इस साल वल्ड हैंड हाइजीन डे की थीम है हाथों की स्वच्छता और बीमारियों के रोकथाम के बारे में स्वास्थय कर्मियों को नवीन और प्रभावशाली प्रशिक्षण और शिक्षा दी जाए। इस थीम के जरिए हाथों की स्वच्छता को बढ़ावा देना है ताकि स्वास्थय के क्षेत्र में बीमारियों की रोकथाम में और मदद मिल सके।
हाथ धोने का सही समय क्या है
डॉ. बताते है कि वॉशरूम इस्तेमाल करने के बाद, खाना बनाने से पहले और बाद में, जानवरों को छूने के बाद या उनका खाना-पानी देने के बाद, जानवरों के मल-मूत्र को साफ करने के बाद आप हाथ को जरूर धोएं। इसके अलावा अगर आपको जुखाम हुआ है तो आप छींकने, खांसने या नाक साफ करने के बाद हाथ जरूर धो, इससे इन्फेक्शन नहीं फैलेगा। इतना ही नहीं चोट पर दवा लगाने से पहले और बाद में, सफाई करने या कचरा छूने के बाद, किसी बीमार व्यक्ति से मिलने पर, बाहर से घर लौटने पर, बच्चे का डाइपर बदलने से लेकर उन्हें खाना खिलाने से पहले या बाद में हाथों को साफ अवश्य करें। इससे आप कई तरह के इन्फेक्शन और बीमारियों से बचाव कर सकते हैं।
क्या है हाथ धोने का सही तरीका
डॉ. बताते हैं की अगर वायरस, बैक्टीरिया से दूर रहना है तो इसके लिए सबसे आसान और बढ़िया उपाय हाथों को धोना है। इतना ही नहीं हाथों का साफ सुथरा होने से इन्फेक्शन फैलने का खतरा काफी कम होता है। लेकिन इस बात का ध्यान रखना बहुत जरूरी है कि अगर आप हाथ धो रहे हैं तो हाथों को सही तरीके से धोएं। वहीं आप सही तरीके से हाथ धोने के लिए इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं जैसे कि-
सबसे पहले हाथों को नॉर्मल या गुनगुने पानी से अच्छी तरह गीला कर लें
इसके बाद साबुन लगाकर दोनों हाथों को अच्छी तरह आपस में रगड़ें जिससे झाग बने
फिर दोनों हाथों की उंगलियों के बीच, हाथों के पीछे और नाखूनों के अंदर-अंदर तक सफाई करें
अब कम से कम 20 सेकेंड तक हाथों को मलते रहें
20 सेकेंड पूरे होने के बाद अच्छी तरह हाथों को पानी से धोएं
ध्यान रहे की हाथों में साबुन लगा न हो।
इसके बाद एयर ड्राई या साफ-सुथरे तौलिए से हाथ पोंछ लें
