जैसे ही गर्मी आती है तो तेज धूप के कारण चेहरे का निखार कम होने लगता है। टैनिंग हो जाती है और फिर चेहरा बेजान सा हो जाता है। फिर लोग बार-बार पार्लर जाते हैं और क्लीन अप या फेशियल करवाते हैं। लेकिन अगर हम बताएं कि इनके अलावा घर पर ही रातों-रात चेहरे पर निखार आ सकता है तो? आप घर में उपलब्ध बेहद सस्ती चीजों से फेशियल कर सकते हैं। जिसके लिए आपको चाहिए मुल्तानी मिट्टी और एलोवेरा। इसके इस्तेमाल से चेहरे पर ऐसा ग्लो आएगा कि सारे लोग समझेंगे कि आप पार्लर से आए हो।
मुल्तानी मिट्टी से फेशियल
ये तो आपको पता ही होगा कि मुल्तानी मिट्टी चेहरे को ठंडक पहुंचाने का काम करती है और अगर गर्मियों में लगाया जाए तो बहुत फायदेमंद है। लोग इसे फेस पैक की तरह चेहरे पर लगाते हैं, लेकिन इससे फेशियल भी हो सकता है। अगर आप मुल्तानी मिट्टी से फेशियल करना चाहते हैं तो सबसे पहले एक कटोरी में एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें, उसके बाद एक चम्मच दही मिलाएं। फिर हल्के हाथों से चेहरे की मालिश करें।
इस तैयार किए लेप को चेहरे पर 15 मिनट तक लगा रहने दें। सूखने के बाद चेहरे को पानी से धो लें। फिर मुल्तानी मिट्टी में आधा चम्मच हल्दी पाउडर, दो चम्मच गुलाब जल या कच्चा दूध डालकर मिक्स कर लें। अब ये जो लेप तैयार किया है उसे चेहरे और गर्दन पर लगाएं, करीब 15 मिनट के बाद चेहरा धो लें। अब चेहरे को स्क्रब करने की बारी आती है।
सबसे पहले मुल्तानी मिट्टी में कॉफी पाउडर मिलाएं, चाहें तो आप ओट्स पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद नींबू का रस या गुलाब जल डालकर मिक्स करें। चेहरे को प्यार से एक्सफोलिएट करें। सर्कुलर मोशन में मालिश करें। फिर कुछ पांच मिनट के बाद चेहरा वॉश कर लें। आखिर में एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी लें। कच्चा दूध और चंदन पाउडर मिक्स कर लें। इस तैयार किए गए फेस पैक को चेहरे पर लगाएं और करीब 15 मिनट के बाद फेस वॉश कर लें।
एलोवेरा से फेशियल
एलोवेरा को चेहरे पर लगाने से पिंपल्स के साथ कई तरह की स्किन प्रॉब्लम दूर हो जाती हैं। एलोवेरा का फेशियल बनाने के लिए सबसे पहले एक चम्मच एलोवेरा जेल में शहद और हल्दी पाउडर मिलाएं। इसके बाद हल्के हाथों से चेहरे की मसाज करें। फिर कुछ 15 मिनट के बाद फेशवॉश कर लें।
अब एलोवेरा जेल में गुलाब जल या कच्चा दूध मिलाएं, चाहें तो शहद भी एड कर सकते हैं। इसे भी 15 मिनट तक रहने दें। फिर इसके बाद चेहरा धो लें। इसके अलावा एलोवेरा जेल में शहद और कॉफी पाउडर मिलाएं, ये करने से आपका स्क्रब रेडी होगा। और फिर एक्सफोलिएट करें। चेहरा धो लें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
