बहुत से लोग हैं जो खाने के साथ दही को लेना पसंद करते हैं। ये हमारे आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना हुआ है। इससे एक तो खाने में स्वाद आता है और दूसरा शरीर को भी जबरदस्त फायदे मिलते हैं। लेकिन आपको पक्का नहीं पता होगा कि दही खाने का सही समय क्या होता है और कौन सा तरीका सही है। इसलिए आज का ये आर्टिकल आपके लिए ही है।
दही खाने का अच्छा समय?
हेल्थ रिपोर्ट्स कहती हैं कि सुबह खाली पेट एक कटोरी दही का सेवन शरीर के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद हो सकता है। वहीं, अगर आप शरीर की चर्बी से परेशान हैं और कम करना चाहते हैं तो रोजाना खाली पेट एक कटोरी दही खाकर अपने दिन की शुरुआत करें। आपको बता दें कि दही में प्रोटीन की मात्रा उच्च होती है, जिससे तृप्ति की भावना बढ़ती है और भूख नियंत्रित रहती है। इसलिए ओवरईटिंग से बचने के लिए आप सुबह-सुबह एक कटोरी दही खा सकते हैं। खाली पेट दही के सेवन से अनावश्यक कैलोरी का सेवन कम हो जाता है और वेट लॉस में मदद मिलेगी।
स्किन के लिए फायदेमंद
आपको तो पता ही होगा कि दही में लैक्टोबैसिलस जैसे प्रोबायोटिक्स बेहद अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इससे आंतों में अच्छे बैक्टीरिया की संख्या बढ़ जाती है। इससे पाचन प्रक्रिया बेहतर होती है और आपकी गट हेल्थ भी दुरुस्त रहती है और अच्छी गट हेल्थ का आपकी स्किन पर सीधा असर पड़ता है।
अगर आपकी गट हेल्थ अच्छी रहती है तो शरीर में विषाक्त पदार्थों की मात्रा कम हो जाती है और ओवरऑल हेल्थ में सुधार होता है, स्किन नेचुरली ग्लोइंग और साफ हो आती है। दही के पोषक तत्व स्किन सेल्स की मरम्मत और पुनर्निर्माण में मदद करते हैं। अगर आप दही का नियमित सेवन करते हैं तो शरीर में नमी बनी रहती है।
Stress Buster
चाहते हैं कि दिनभर तनाव कम रहे तो ऐसे में अपने दिन की शुरुआत एक कटोरी दही खाकर कर सकते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होते हैं। इससे मस्तिष्क में न्यूरोट्रांसमीटर का स्तर संतुलित होता है, जिससे तनाव और चिंता में कमी आती है।
एनर्जी से रहेंगे भरे
अगर आधे ही दिन में आपकी सिट्टी गुल हो गई यानि थकना शुरू हो गए तो इसका असर आपके काम पर भी पड़ने लगता है तो ऐसे में खाली पेट दही खाना आपने के लिए फायदेमंद हो सकता है। दही में मौजूद कार्बोहाइड्रेट्स और प्रोटीन शरीर को ऊर्जा देते हैं।
बालों के लिए लाभकारी
दही शरीर के साथ-साथ बालों के लिए भी लाभकारी होता है। दही में मौजूद प्रोटीन और विटामिन्स बालों को मजबूत बनाते हैं और उन्हें प्राकृतिक चमक मिलती है और इसके नियमित सेवन से बालों का झड़ना भी कम हो जाता है।
दही खाने का सही तरीका?
दही के तमाम फायदे हैं, लेकिन फिर भी इसे खाते समय कुछ खास बातों को ध्यान रखना जरूरी है। जैसे कि दही को ज्यादा ठंडा नहीं खाना चाहिए, खासकर सर्दियों में। खाली पेट दही खा रहे हैं तो उसमें चीनी या नमक न मिलाएं, इसके अलावा आप चुटकीभर काली मिर्च या मेथी पाउडर डाल सकते हैं। खाली पेट दही खा रहा हैं तो मछली, प्याज या उड़द की दाल खाने से बचें, क्योंकि इससे कुछ लोगों को पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। साथ ही जो लोग लैक्टोज इन्टॉलरेंस हैं उन्हें दही खाने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
