जैसे ही मौसम में बदलाव आता है तो खानपान भी बदल जाता है। सर्दी के मौसम की बात करें तो इसमें लोग मूंगफली बड़े चाव से खाते हैं जो गर्मियों में नहीं मिलती। जब ठंड का मौसम आता है तो धूप सेकते समय, रात को परिवार के साथ बैठकर बातें करते समय, रास्ते में वॉक पर जाते हुए या टीवी देखते समय लोग बड़े ही चाव के साथ पीनट्स यानी मूंगफली खाते हैं। लेकिन कई लोग मोटापे से जोड़कर भी इसे देखते हैं। आपको बता दें कि मूंगफली में कैलोरी और फैट की मात्रा ज्यादा होती है। 100 ग्राम मूंगफली में लगभग 567 कैलोरी और 49.2 ग्राम फैट होता है। जिस कारण लोग सोचते हैं कि इसे खाने से मोटे हो जाएंगे, लेकिन क्या वाकई ऐसा है? चलिए जानते हैं।
क्या मूंगफली मोटापा बढ़ाती है?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि फैट और कैलोरी ज्यादा होने के बावजूद मूंगफली मोटापे में योगदान नहीं करती। उल्टा कुछ रिसर्च में ये बात सामने आई है कि मूंगफली के सेवन से मोटापे का जोखिम कम होता है।
मूंगफली में प्रोटीन और फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जिससे वजन ज्यादा नहीं बढ़ता। इसमें मौजूद प्रोटीन जहां मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देकर कैलोरी बर्न करने में मदद करता है, वहीं फाइबर आपका पेट भरे रखता है।
कैलोरी बर्निंग में फायदेमंद

इन सब चीजों के अलावा मूंगफली में मोनोअनसैचुरेटेड फैट होता है, जिससे कैलोरी बर्निंग में मदद मिलती है।इसलिए अगर आपको अभी भी लगता है कि मूंगफली का सेवन वजन बढ़ाता है तो मन की तसल्ली के लिए डॉक्टर से राय ले सकते हैं। इसके अलावा चाहे इसके जितने भी फायदे हों, हेल्थ एक्सपर्ट्स एक सीमित मात्रा में ही मूंगफली का सेवन करने की सलाह देते हैं। अगर आपको किसी तरह की एलर्जी है तो इसके सेवन से बचें।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। किसी भी सुझाव को अमल में लाने से पहले डॉक्टर या एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।
