ड्राई आईज की समस्या एक आम स्थिति है, जिसमें आंखों में ड्राईनेस, जलन या खुजली जैसे लक्षण महसूस होते हैं। यह समस्या तब होती है जब आंखों में आंसू का उत्पादन कम होता है या आंसू की गुणवत्ता खराब होती है। इसके कारण आंखों का स्वास्थ्य भी प्रभावित होता है। ड्राई आईज के इलाज में लाइफस्टाइल में बदलाव, अच्छी देखभाल और कुछ विशेष खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी है। यहां आपकी ऐसी 5 चीजों के बारे में बताते हैं जिन्हें खाने से ड्राई आईज की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।

खट्टे फल

खट्टे फल जैसे कि संतरे, नींबू और अंगूर विटामिन-सी का बेहतरीन स्रोत होते हैं। विटामिन-सी आंखों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, क्योंकि यह आंसू ग्रंथियों को स्वस्थ रखने में मदद करता है और सूजन को कम करता है। नियमित रूप से खट्टे फलों का सेवन करने से आंखों की नमी बढ़ेगी। खट्टे फल एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं, ऐसे में यह आंखों की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से भी बचाते हैं।

सूरजमुखी के बीज

इन बीजों में विटामिन-ई होता है, जो आंखों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। ये पोषक तत्व आंखों की सुरक्षा करते हैं और ड्राई आईज के लक्षणों को कम करते हैं। सलाद में सूरजमुखी के बीज डालकर उन्हें आप आसानी से खा सकते हैं। सूरजमुखी के बीजों में जिंक भी होता है, जो आंखों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। ये सीड्स आंखों की रोशनी को बनाए रखने और उसकी कार्यक्षमता को सुधारने में मदद करते हैं।

हरी पत्तेदार सब्जियां

पालक, मेथी और केल जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां विटामिन-ए, सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती हैं। ये पोषक तत्व आंखों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं और ड्राई आईज के लक्षण को कम करने में मदद करेंगे। हरी पत्तेदार सब्जियां का न‍ियम‍ित सेवन करने से, आंखों की थकान कम होगी। ताजी सब्‍ज‍ियों का सेवन करने से उम्र से संबंधित मैक्यूलर डिजनरेशन (AMD) और मोतियाबिंद की रोकथाम में मदद म‍िलेगी।

पपीता

पपीता एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत माना जाता है। इसके सेवन से आंखों की नमी बढ़ेगी और सूजन में कमी आएगी। पपीता आप सीधे खा सकते हैं या जूस के रूप में भी ले सकते हैं। साथ ही, इसमें विटामिन-सी पाया जाता है, जो आंखों की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाएगा।

अखरोट

इसमें ओमेगा-3 फैटी एसिड मौजूद होता है। ओमेगा-3 फैटी एसिड आंखों की सूजन (Eye Swelling) को कम करने में मदद करेगा और आंसू उत्पादन को बढ़ाएगा। रोज एक मुट्ठी अखरोट खाने से ड्राई आईज की समस्या में सुधार होगा। नियमित रूप से अखरोट का सेवन करने से आंखों की रोशनी बेहतर होगी और उम्र से संबंधित मैक्यूलर डिजनरेशन (AMD) और मोतियाबिंद जैसी बीमारियों का खतरा कम होगा।

इन 5 चीजों को डाइट में शाम‍िल करने से आप ड्राई आईज की समस्‍या से न‍िजात पा सकते हैं। अगर समस्या बनी रहती है, तो एक बार डॉक्टर से सलाह जरुर ले लें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *