जब भूख लगती है तो पेट खाली हो जाता है और ब्लड शुगर लेवल भी गिर जाता है। जब आप लंबे समय तक भूखे रहते हैं तो शरीर में ग्लूकोज की कमी हो जाती है। दिमाग के लिए ग्लूकोज एक प्राथमिक एनर्जी का स्त्रोत है और इसकी कमी से सिरदर्द होने लगती है। भूख के कारण तनाव और चिंता भी सिरदर्द को बढ़ा सकते हैं। जब आप भूखे होते हैं, तो मानसिक तनाव बढ़ता है, जिससे दिमाग में दबाव बढ़ता है। पानी की कमी भी भूख और सिरदर्द का कारण भी बन सकती है। जब शरीर में पानी की मात्रा कम होती है, तो यह दिमाग के सही कार्य को प्रभावित कर सकता है, जब आप नियमित समय पर भोजन नहीं करते, तो यह शरीर में पोषण की कमी का कारण बनता है जिससे सिरदर्द भी हो सकता है। भूख के कारण सिरदर्द होने पर हल्का या तेज दर्द, माथे के एक या दोनों तरफ दर्द, चिड़चिड़ापन और ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई, थकान और कमजोरी जैसे लक्षण भी महसूस होते हैं। ऐसे में इस आर्टिकल के जरिए जानते हैं कि भूख लगने पर यदि आपको भी ऐसे लक्षण दिखते हैं तो आप क्या कर सकते हैं।
पानी पिएं
भूख से सिरदर्द होने का एक कारण शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है। जब शरीर डिहाइड्रेटेड होगा तो यह सिरदर्द का कारण बन सकता है इसलिए, पानी पीना बहुत जरूरी है। यदि आपको भूख लगने पर सिरदर्द हो तो एक गिलास पानी पीकर देखें। इससे न सिर्फ आपके शरीर का हाइड्रेशन बना रहेगा, बल्कि यह सिरदर्द को भी कम करने में मदद करेगा।

सिर की मालिश करें
सिर की मालिश करने से ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होगा और मांसपेशियों में तनाव कम होगा। आप अपने सिर पर हल्का दबाव डालकर या अपनी उंगलियों से गोलाकार गति में मालिश कर सकते हैं। यह उपाय आपको तुरंत राहत दिलवाएगा। सिरदर्द दूर करने के लिए नीलगिरी तेल का इस्तेमाल आप कर सकते हैं। इस तेल में कोकोनट ऑयल मिलाकर मालिश करने से आपको आराम मिलेगा।
गर्म सिकाई करें
कभी-कभी, ठंडी या गर्म सिंकाई करने से भी सिरदर्द में राहत मिलेगी। अपने माथे पर एक ठंडा कपड़ा रखें या गर्म पानी की बोतल से सिंकाई करें। नमक की पोटली बनाकर भी माथे की सिंकाई करने से सिरदर्द से राहत मिलती है।

अदरक की चाय पिएं
सिरदर्द के इलाज के लिए अदरक का इस्तेमाल आप कर सकते हैं। यह एक प्राकृतिक औषधि है। अदरक में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो भूख के कारण होने वाले सिरदर्द को कम करेंगे। एक कप अदरक की चाय बनाने के लिए एक छोटे टुकड़े अदरक को उबालें और उसमें नींबू का रस और शहद मिलाएं। इसके अलावा हर्बल चाय जैसे कि कैमोमाइल, पुदीना, या तुलसी की चाय भी पी सकते हैं।
गहरी सांस लें
सिरदर्द के समय शरीर को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है ऐसी स्थिति में, गहरी सांसें लें। बैठकर या लेटकर, धीरे-धीरे गहरी सांसें लें और अपने फेफड़ों को पूरी तरह से ऑक्सीजन से भरें। इससे आपको सिरदर्द में आराम मिलेगा। अगर आप भूख के कारण तनाव हैं, तो ध्यान या योग करने से आपके शरीर और मन को शांति मिलेगी।

