दिवाली का त्योहार हमारे जीवन में खुशियों की सौगात लेकर आता है। लेकिन इस खास मौके पर हमें अपनी सेहत का भी ध्यान रखना बेहद जरूरी है। त्योहारों के दौरान घर की सफाई, सजावट और पकवानों के अलावा प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है, जिससे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। बदलते मौसम और प्रदूषण के कारण सांस संबंधी समस्याएं, जुकाम और फ्लू जैसी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं। इसलिए आज हम कुछ आयुर्वेदिक तरीकों के बारे में जानेंगे, जिनसे आप अपनी इम्यूनिटी बढ़ा सकते हैं और सेहत को बनाए रख सकते हैं।

हर्बल चाय का सेवन

तुलसी, अदरक, अश्वगंधा और दालचीनी जैसी जड़ी-बूटियों से बनी हर्बल चाय पीने से इम्यूनिटी मजबूत होती है। यह पाचन प्रक्रिया में सुधार लाती है और शरीर को विषाक्त पदार्थों से मुक्त करती है। रोजाना सुबह एक कप हर्बल चाय आपके स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगी।

अच्छी नींद लेना जरूरी

दिवाली के उत्सव में हम अक्सर नींद को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह हमारी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। 7 से 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है, खासकर त्योहारों के दौरान। अच्छी नींद से शरीर को आराम मिलता है और आप दिनभर ताजगी महसूस करते हैं।

प्राणायाम करें

फेस्टिव सीजन में मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए ध्यान और प्राणायाम करें। अनुलोम विलोम, भस्त्रिका, और कपालभाति जैसे प्राणायाम श्वसन मार्ग को साफ करने और इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। नियमित प्राणायाम से न केवल मानसिक शांति मिलती है, बल्कि यह तनाव को भी कम करता है।

हल्दी वाला दूध

दूध में हल्दी मिलाकर पीने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। हल्दी, दूध, शहद या गुड़ के साथ मिलाकर पिएं, जिससे खांसी, जुकाम और एलर्जी की समस्याओं से राहत मिलेगी। इसके अलावा प्रदूषण के प्रभाव से बचने के लिए हल्दी वाले पानी से गरारा भी करें। यह एंटी-वायरल और एंटीबैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है, जो संक्रमण से बचाने में मदद करता है।

घर का बना खाना

त्योहारों के दौरान बाहर का खाना खाने से बचें। घर का ताजा और गरम खाना सेहत के लिए बेहतर होता है। अपने आहार में हरी सब्जियां और मौसमी फल शामिल करें, जो आसानी से पच जाएं। भूख से कम खाना खाने और धीरे-धीरे चबाकर खाने का प्रयास करें।

By tnm

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *