जब प्रॉपर मील खाना हो तो लोग अक्सर हाथ धोकर ही खाना पसंद करते हैं। वहीं, जब कोई व्यक्ति फल या स्नैक्स जैसी चीजें खाता है तो उस दौरान हाथ धोने को ज्यादा अहमियत नहीं देता। जबकि, किसी भी तरह का फूड आइटम खाने से पहले हाथ धोना बहुत जरूरी है। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि गंदे हाथों से कुछ भी खाने से किस तरह की बीमारियां हो सकती हैं। कल यानी की 15 अक्टूबर को ग्लोबल हेंड वॉशिंग डे मनाया जाएगा। ऐसे में आपको बताते हैं कि गंदे हाथों से खाना खाने के कारण कौन सी बीमारिां होंगी।
फूड इंफेक्शन
अगर आप लंबे समय तक गंदे हाथों से खाना खाते हैं तो ऐसे फूड इंफेक्शन का रिस्क भी बढ़ जाता है। ध्यान रखें कि गंदे हाथों से अगर आप आंखें और गाल को बार-बार छूते हैं, तो आई इंफेक्शन और स्किन में इचिंग जैसी समस्या भी होने लगती है। वहीं फूड इंफेक्शन की बात करें तो हाथों में लगे जर्म्स के कारण ऐसी समस्या देखने को मिलती है। फूड इंफेक्शन होने पर व्यक्ति को डाइरिया, पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और बुखार जैसे लक्षण दिखते हैं यही नहीं, यदि समय रहते फूड इंफेक्शन का इलाज न किया जाए, तो व्यक्ति को भूख न लगने की समस्या भी हो सकती है।

गैस्ट्रोएंटेराइटिस
गंदे हाथों से खाना-खाने के कारण गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी समस्या भी हो सकती है। गैस्ट्रोएंटेराइटिस को हम स्टमक फ्लू भी कहते हैं। यह समस्या होने पर व्यक्ति के पेट में दर्द, डाइरिया, जी मचलना, बुखार, सिरदर्द, मसल्स पेन और भूख न लगने जैसी कई समस्याएं होने लगती हैं। इस तरह की समस्या होने पर इन्हें हल्के में न लें और तुरंत डॉक्टर के पास जाएं और अपना ट्रीटमेंट करवाएं।
डाइरिया
गंदे हाथों से खाना खाने के कारण डाइरिया होने का जोखिम भी काफी ज्यादा होता है दरअसल, जब आपके गंदे हाथों में कई तरह के जर्म्स चिपक जाते हैं, जैसे ई-कोली, साल्मोनेला जर्म्स। ऐसे में यदि आप बिना हाथ धोए कुछ भी खाते हैं तो इस स्थिति में ये जर्म्स खाने के जरिए आपके पेट में जा सकते हैं जिससे डाइरिया हो सकता है। आपको बता दें कि डाइरिया एक गंभीर समस्या है डाइरिया होने पर व्यक्ति को लूज मोशन हो जाते हैं। जब व्यक्ति को एक दिन में तीन से ज्यादा बार लूज मोशन होते हैं तो उसे हम डाइरिया कहते हैं।

थ्रोट इंफेक्शन
जैसा कि आप जानते हैं कि गंदे हाथों में जर्म्स होते हैं। यदि आप जर्म्स वाले हाथों से कुछ भी खाते है तो इसका आपकी हेल्थ पर बुरा असर पड़ता है लेकिन, क्या आप जानते हैं कि गंदे हाथों से खाने के कारण थ्रोट इंफेक्शन भी हो सकती है। जी, हां यह बात सच है दरअसल, जब जर्म्स थ्रोट से होते हुए पेट में जाते हैं तो ऐसे में गले में इंफेक्शन होने का रिस्क भी बढ़ जाता है। कई बार यह कंडीशन काफी ज्यादा बिगड़ जाती है। थ्रोट इंफेक्शन होने पर गले में स्वेलिंग, रेडनेस, टॉन्सिल और बुखार-सिरदर्द जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। यहां तक कि थ्रोट इंफेक्शन के कारण पेट से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
ऐसे में कभी भी गंदे हाथों के साथ खाना न खाएं। खाना-खाने से पहले साबुन से हाथ धोएं। खाने के बाद भी हाथ धोना न भूलें। गंदे हाथों से अपनी त्वचा और आंखों को भी छूने से भी बचें।
